
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। उत्तर भारत की ओर से आ रही ठंडी हवाओं ने सर्दी का असर बढ़ा दिया है। बीते दो दिनों में रात के तापमान में करीब छह डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है।
23 नवंबर को न्यूनतम तापमान 16.9 डिग्री सेल्सियस था जो 25 नवंबर को 10.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। वहीं 24 घंटे की बात करें तो रात का पारा दो डिग्री कम हुआ है।
मौसम के बदले मिजाज को देखते हुए अब लोग ठंड से बचने गर्म कपड़ों के अलावा आग का सहारा लेते भी दिख रहे हैं। वहीं दिन का अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम में आए इस बदलाव की मुख्य वजह उत्तर-पूर्व से आ रही सर्द हवाओं को माना जा रहा है। उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में बढ़ रही ठंड का असर अब जबलपुर सहित समूचे महाकोशल अंचल में भी दिखाई देने लगा है।
दिन में धूप निकलने के बावजूद सुबह और देर रात ठंड का प्रभाव अधिक महसूस हो रहा है। खुले स्थानों और बाहरी इलाकों में ठंडी हवाओं के कारण ठिठुरन और बढ़ गई है। अचानक बढ़ी ठंड के कारण सुबह और रात के समय लोगों को कंपकंपी का अहसास होने लगा है।
मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल हवा का रुख उत्तर-पूर्वी बना हुआ है। आगामी दिनों में रात के तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। इससे सर्दी का असर बढ़ेगा।
मौसम विभाग के अनुसार दिन का तापमान 26.0 डिग्री के आसपास और न्यूनतम तापमान 8.0 डिग्री तक बना रह सकता है। वहीं डिंडौरी सहित आस-पास के जिलों में पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में आंशिक रूप से बदलाव की संभावना भी जताई जा रही है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में एक ही साड़ी के फंदे में लटकी मिली 10 वर्षीय बेटी के साथ मां, छत से लौटे बेटे ने देखा तो मचा हड़कंप