
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। आरोप है कि नगर निगम जबलपुर में पदस्थ सहायक ग्रेड-3 शिवमोहन द्विवेदी के इस कृत्य पर जिला अभियोजन संचालनालय ने उनके विरुद्ध उचित कार्रवाई करने की अनुशंसा जिला दंडाधिकारी से की थी।
हैरानी की बात यह है कि कलेक्टर स्तर से कार्रवाई की अनुशंसा किए जाने के बावजूद संबंधित फाइल करीब चार महीने से निगम अधिकारियों के पास लंबित है परंतु अभी कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई है।
मामला थाना संजीवनी नगर में दर्ज है। अपराध क्रमांक 350/2021 से जुड़े मामले में भारतीय दंड संहिता की धारा 376, 376(2)(एन) और पाक्सो अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज है।
जिला अभियोजन संचालनालय द्वारा 6 अगस्त 2026 को जारी पत्र में उल्लेख किया गया है कि नगर निगम के लोक सूचना अधिकारी कार्यालय से संबंधित कार्यों में पदस्थ सहायक ग्रेड-3 शिवमोहन द्विवेदी ने प्रकरण की पीड़िता के जन्म संबंधी रिकाॅर्ड आरोपी को उपलब्ध कराया।
पत्र के अनुसार, नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग, संभाग क्रमांक-5 ने 13 मई 2026 को पत्र जारी कर स्पष्ट किया था कि संबंधित खंड में जन्म संबंधी अभिलेख उपलब्ध नहीं हैं। आरोप है कि शिवमोहन द्विवेदी ने पुराने रिकाॅर्ड के आधार पर पीड़िता की जन्म संबंधी जानकारी आरोपी को उपलब्ध करा दी।
यह जानकारी 18 मई 2026 को पत्र क्रमांक लो.सू.वि./2026/659 के माध्यम से दी गई। अभियोजन संचालनालय ने इस कृत्य को नियमों के विपरीत मानते हुए सूचना के अधिकार अधिनियम के प्रविधानों और पीड़िता की निजता से जुड़े गंभीर सवाल उठाए हैं।
पाॅक्सो अधिनियम के तहत दर्ज मामलों में पीड़ित बच्चों की पहचान और उनसे संबंधित संवेदनशील जानकारी सार्वजनिक होने से रोकना आवश्यक है। ऐसे में पीड़िता की जन्म संबंधी जानकारी आरोपी तक पहुंचने का मामला प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।
बताया जा रहा है कि गोपनीय जानकारी देने के मामले में नगर निगम के लिपिक शिवमोहन द्विवेदी के विरुद्ध उचित कार्रवाई करने कलेक्टर ने अनुशंसा की है परंतु कार्रवाई आज तक नहीं हो सकी है। संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध नगर निगम की स्थापना शाखा में आर्थिक अनियमितता और पद के दुरुपयोग से जुड़े मामले की जांच भी लंबित है। जिला अभियोजन संचालनालय की अनुशंसा के बाद अधिकारी बेपरवाह है और मामले में टालमटौली कर रहे हैं।
इस संबंध में एक पत्र आया था। लोक सूचना का कार्य देख रहे अधिकारी से इस संबंध में चर्चा भी हुई थी। प्रकरण की फाइल देखकर ही इस संबंध में कुछ कह पाएंगे।
मनाेज श्रीवास्तव, अपर आयुक्त व अपीलीय अधिकारी, नगर निगम
यह भी पढ़ें- जबलपुर में जन्मदिन मनाने पब पहुंचे युवक पर राॅड से हमला, सिर पर फोड़ी बियर की बोतल