
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। माढ़ोताल थाना क्षेत्र में हवाई फायरिंग का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घटना में प्रयुक्त पिस्टल बरामद कर ली है। मामले में पूर्व में गिरफ्तार सत्यम होम्स निवासी रितिक जायसवाल और कचनार सिटी निवासी प्रथम सिंह राजपूत से पूछताछ में पिस्टल हनुमानताल निवासी जब्बार उर्फ मामू खान के पास होने की जानकारी सामने आई थी। इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।
सार्वजनिक सड़क और रहवासी क्षेत्र में फायरिंग से आमजन की सुरक्षा को खतरा उत्पन्न होने पर दोनों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया था।
पुलिस पूछताछ में रितिक ने बताया कि उसने करीब तीन-चार माह पूर्व उक्त पिस्टल जब्बार से ली थी और घटना से दो दिन पहले उसे वापस कर दी थी। इसके बाद पुलिस ने जब्बार की तलाश शुरू की और मुखबिरों को सक्रिय किया।
बुधवार की रात कृषि उपज मंडी के पास दबिश देकर आरोपित जब्बार उर्फ मामू खान को पकड़ा गया। पूछताछ में उसने पिस्टल पाटन बायपास सर्विस रोड किनारे गिट्टी-पत्थरों के नीचे छिपाना बताया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने पालीथीन में रखी एक पिस्टल और एक कारतूस बरामद किया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपित आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ पहले से कोतवाली, लार्डगंज, गोहलपुर और हनुमानताल थानों में कुल 11 अपराध दर्ज हैं।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में आउट ऑफ सिलेबस प्रश्नों को लेकर छात्रों ने घेरा कुलगुरु आवास, एमएससी की परीक्षा भी निरस्त