
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। सड़क पर रफ्तार और लापरवाही का खामियाजा युवाओं को न भुगतना पड़े, इसके लिए परिवहन विभाग अब सीधे स्कूल-कालेजों तक पहुंचेगा।
17 सितंबर से शुरू होने वाला करीब एक माह का विशेष अभियान जेन जी को सड़क सुरक्षा का पाठ पढ़ाएगा। अभियान में दोपहिया वाहनों से शिक्षण संस्थानों तक पहुंचने वाले विद्यार्थियों पर खास फोकस रहेगा।
परिवहन विभाग वाहन विक्रेताओं के सहयोग से अलग-अलग संस्थानों में संवाद कार्यक्रम आयोजित कर युवाओं को हेलमेट की अनिवार्यता, यातायात नियमों और सुरक्षित ड्राइविंग के प्रति जागरूक करेगा।
खास बात यह है कि केवल समझाइश तक अभियान सीमित नहीं रहेगा। हेलमेट का इस्तेमाल नहीं करने वाले दोपहिया चालक विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए करीब तीन हजार मुफ्त हेलमेट वितरित किए जाएंगे।
छात्राओं के लिए मुफ्त ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने की प्रक्रिया कराई जाएगी। छात्रों को लाइसेंस बनवाने की प्रक्रिया, पात्रता और जरूरी दस्तावेजों की जानकारी दी जाएगी।
विभाग का मानना है कि युवाओं को सड़क सुरक्षा अभियान का सक्रिय भागीदार बनाकर हादसों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर की 300 शाखाओं में नहीं हुआ काम, कुछ जगह बंद रहे एटीएम, दोपहर बाद खुले तो कैश खत्म