
सुनील दाहिया
खास खासबात यह है कि इस व्यवस्था को मध्य प्रदेश के एकीकृत आपातकालीन सेवा नंबर 112 से जोड़ा जाएगा। इससे आगजनी की सूचना मिलते ही संबंधित दमकल वाहन तक घटनास्थल की जानकारी पहुंच सकेगी और राहत एवं बचाव कार्य में लगने वाला समय कम करने में मदद मिलेगी।
डायरेक्ट्रेट भोपाल की ओर से प्रथम चरण में नगर निगम को आठ मोबाइल डेटा टर्मिनल डिवाइस उपलब्ध कराए गए हैं। इन डिवाइस को शुरुआती तौर पर नगर निगम मुख्यालय स्थित दमकल वाहनों में लगाया जाएगा। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से जोन स्तर पर संचालित अन्य दमकल वाहनों को भी इस तकनीक से लैस किया जाएगा। एमडीटी के माध्यम से कंट्रोल रूम को वाहनों की लोकेशन और उनकी गतिविधियों की वास्तविक समय में जानकारी मिल सकेगी।
हालांकि इस नई व्यवस्था में अभी वक्त लगेगा। इस तकनीक को प्रभावी ढंग से लागू करने और उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करना नगर निगम के लिए किसी चुनौती से कम नही है। क्योंकि अभी साफ्टवेयर इंस्टाल नहीं हुआ है। नगर निगम का अग्निशमन शाखा में ज्यादातर आउटसोर्स कर्मचारी है। उन्हें प्रशिक्षण भी नहीं दिया गया है। दमकल वाहनों को 112 से मैपिंग कराने पत्राचार किया जा रहा है।
नई व्यवस्था के तहत कोई नागरिक आगजनी की सूचना देने के लिए डायल 112 पर काल करेगा तो कंट्रोल रूम में आपरेटर द्वारा दर्ज की गई घटना की जानकारी और लोकेशन सीधे दमकल वाहन में लगे एमडीटी की स्क्रीन पर पहुंच जाएगी। जीपीएस और डिजिटल नेविगेशन की मदद से दमकल कर्मियों को घटनास्थल तक पहुंचने का सटीक रास्ता भी मिल सकेगा। इससे घटनास्थल की जानकारी जुटाने और रास्ता तलाशने में लगने वाला समय बचेगा।
केंद्रीय कमांड सेंटर में उपलब्ध कंप्यूटर असिस्टेड डिस्पैच प्रणाली के माध्यम से घटनास्थल के सबसे नजदीक मौजूद दमकल वाहन की पहचान कर उसे रवाना करने में भी मदद मिलेगी। कंट्रोल रूम से वाहन की लाइव लोकेशन ट्रैक की जा सकेगी।
साथ ही यह भी पता चलेगा कि सूचना मिलने के कितनी देर बाद वाहन रवाना हुआ और घटनास्थल तक पहुंचने में कितना समय लगा। डिजिटल ट्रैकिंग से न केवल वाहनों की जवाबदेही तय होगी, बल्कि उनकी कार्यप्रणाली में पारदर्शिता भी आएगी।
एक ओर विभाग तकनीकी संसाधनों को मजबूत करने में जुटा है, वहीं दूसरी ओर दमकल वाहनों की उपलब्धता भी चुनौती बनी हुई है। वर्तमान में नगर निगम का अग्निशमन विभाग 12 पुराने दमकल वाहनों के भरोसे शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में आगजनी की घटनाओं से निपट रहा है।
विभाग को पांच नए दमकल वाहन मिलने की उम्मीद है, लेकिन फिलहाल ये वाहन विभागीय प्रक्रिया में अटके हुए हैं।नए वाहनों के बेड़े में शामिल होने और मोबाइल डेटा टर्मिनल की सुविधा शुरू होने से अग्निशमन व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
दमकल वाहनों में मोबाइल डेटा टर्मिनल (एमडीटी) डिवाइस लगाए जाएंगे। जिन्हें एकीकृत आपातकालीन सेवा नंबर 112 से जोड़ा जाएगा। इससे आगजनी की सूचना मिलते ही संबंधित दमकल वाहन तक घटनास्थल की जानकारी पहुंच सकेगी। वह रीयल टाइम पर पहुंच सकेंगे। अग्नि दुर्घटना में नुकसान कम होगा। रेडियो पुलिस से डिवाइस को 112 से मैपिंग कराने पत्राचार किया गया है।
वीएन बाजपेयी, अपर आयुक्त
यह भी पढ़ें- जबलपुर में नौकरी का झांसा देकर आर्मी वर्कशाॅप के सीनियर ड्राफ्टमैन से 59.50 लाख की ठगी