
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। केंद्रीय संस्थानों में सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा देकर एक जालसाज ने 506 आर्मी बेस वर्कशाप के सीनियर ड्राफ्टमैन से 59 लाख 50 हजार रुपये ठग लिए। आरोपी ने प्रभावशाली नेताओं और केंद्रीय मंत्रियों से करीबी होने का दावा किया था।
प्रियदर्शनी कालोनी निवासी अर्पित मोसिस 506 आर्मी बेस वर्कशाॅप में सीनियर ड्राफ्टमैन हैं। उनकी पत्नी की पोस्टिंग सिहोरा के ग्राम पोंडा में थी। तब कार का बीमा कराने के लिए एजेंट बनकर आयुष सेन उनके पास आया।
जान-पहचान बढ़ने पर बातों-बातों में आयुष ने अर्पित को बताया कि उसकी पहचान का एक व्यक्ति सरकारी नौकरियां लगवाता है। पूछने पर उसने बताया कि दिल्ली निवासी श्रीकुमार केशव से अपनी पहचान बताई ओर दावा किया कि केशव की बड़े नेताओं और कैबिनेट मंत्रियों तक पहुंच है।
अपने प्रभाव से सामान्य प्रतियोगी परीक्षाओं में बड़े लोगों की अनुशंसा कराकर लोगों की लेटरल एंट्री करा देता है। इसके एवज में पैसे लेता है। यह सुनकर अर्पित ने कुछ परिचितों की नौकरी लगवाने के लिए केशव से बातचीत करने के लिए आशुरू से कहा।
आयुष ने अर्पित की मुलाकात केशव से कराई। केशव ने अर्पित को भरोसा दिलाया कि वह रेलवे, एफसीआई, एम्स, भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण और एनएचएआई में सिफारिश से किसी की भी दो-तीन माह में नियुक्ति करा सकता है।
झांसे में आकर अर्पित और उनकी पत्नी के स्वजनों ने सरकारी नौकरी मिलने के दावे पर अलग-अलग किस्तों में कुल 59.50 लाख रुपये दे दिए। शातिर ने केंद्रीय कैबिनेट मंत्री के नाम से अनुशंसा पत्र भी दिया।
जब कई माह बाद नौकरी नहीं मिली और वह रुपये वापस करने से आनाकानी करने लगा तो केशव की ओर दिए गए पत्रों की जांच कराई। वह फर्जी निकला। इसके बाद पुलिस ने शिकायत की जांच कर एफआईआर दर्ज की है। आरोपित की तलाश की जा रही है।
यह भी पढ़ें- एमपी के 55 जिलों में 3.76 लाख लोगों को समाधान का इंतजार, सीएम हेल्पलाइन पर शिकायतें लंबित, भोपाल सबसे फिसड्डी