
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। जनरल स्टोर संचालक का मोबाइल फोन हैक कर उसके बैंक खाते से एक लाख 95 हजार 60 रुपये दूसरे खाते में ट्रांसफर कर लिए गए। शिकायत पर बेलबाग पुलिस ने बुधवार रात एफआइआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, बेलबाग पुलिस क्वार्टर के पास रहने वाले किशन विश्वकर्मा (50) जनरल स्टोर संचालित करते हैं। उनका बैंक खाता पंजाब नेशनल बैंक की जवाहरगंज शाखा में है।
20 अक्टूबर को उनका मोबाइल फोन हैक कर लिया गया। इसके बाद उनके बैंक खाते से एक लाख 95 हजार 60 रुपये दूसरे खाते में ट्रांसफर कर दिए गए।
पुलिस अब उस बैंक खाते की जानकारी जुटा रही है, जिसमें ठगी की राशि ट्रांसफर की गई है। खाते से जुड़े विवरण के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
अमखेरा निवासी एम्ब्राॅयडरी कारखाना संचालक का मोबाइल फोन हैक कर जालसाजों ने बैंक खाते से 38 हजार रुपये दूसरे खाते में ट्रांसफर कर लिए। शिकायत पर गोहलपुर पुलिस ने बुधवार रात एफआइआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, अमखेरा निवासी बालेन्द्र पटेल (36) एम्ब्राॅयडरी का कारखाना संचालित करते हैं। उनका बैंक खाता विजय नगर स्थित आईसीआईसीआई बैंक में है। खाते से उनका मोबाइल नंबर लिंक है। मोबाइल फोन को हैक कर जालसाजों ने खाते से 38 हजार रुपये दूसरे बैंक खाते में ट्रांसफर कर लिए।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में कांग्रेस नेता और भाई ने किया पार्टनर पर तलवार से वार