जबलपुर के रांझी में मोबाइल स्नेचिंग गैंग का जुलूस निकाला, सरगना लखन चौधरी सहित चार गिरफ्तार
थाना रांझी पुलिस ने मोबाइल स्नेचिंग गैंग का पर्दाफाश करते हुए सरगना सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
Publish Date: Thu, 12 Nov 2026 05:25:34 PM (IST)Updated Date: Thu, 12 Nov 2026 05:25:34 PM (IST)
HighLights
- पुलिस ने मोबाइल स्नेचिंग गैंग का पर्दाफाश किया
- चार आरोपित गिरफ्तार, पुलिस ने जुलूस निकाला
- बमबाजी मामले में भी था फरार लखन चौधरी
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। थाना रांझी पुलिस ने मोबाइल स्नेचिंग गैंग का पर्दाफाश करते हुए सरगना सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपितों का क्षेत्र में जुलूस भी निकाला, ताकि क्षेत्र में अपराधियों में भय और आम लोगों में सुरक्षा का संदेश जाए।
तीन और चार नवंबर की दरमियानी रात को एएसएफ जवान प्रदीप पांडे कहीं से आ रहे थे। वह सिविल ड्रेस में थे। इसी दौरान उनके हाथ में रखा मोबाइल कुछ लड़कों ने छीनकर दो गाड़ियों से भाग गए थे। शिकायत पर थाना रांझी में तत्काल मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से संदेहियों की पता-तलाश शुरू की।
चार आरोपित गिरफ्तार, जुलूस निकाला
सीसीटीवी और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है -
- लखन चौधरी - मुख्य सरगना
- सौरभ चौधरी
- विक्की
- शिवा चौधरी
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने चारों आरोपितों का रांझी क्षेत्र में जुलूस निकाला। आरोपितों को आगे से अपराध न करने की शपथ भी दिलाई गई। जुलूस के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।
बमबाजी मामले में भी था फरार लखन
पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपित लखन चौधरी नगर में हुए एक बमबाजी के मामले में भी फरार था। इस मामले में भी उसकी गिरफ्तारी की गई है और उसके पास से एक बम भी जब्त किया गया है।
बमबाजी के मामले में उसके तीन अन्य साथी भी हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।