
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। भेड़ाघाट थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह तेज रफ्तार कार की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार की दर्दनाक मौत हो गई। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि बाइक सहित युवक करीब 20 मीटर तक सड़क पर घिसटता चला गया।
हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। मृतक की पहचान ग्राम पड़ुआ गांव निवासी श्याम सुंदर लोधी (55) के रूप में हुई। वह रमनगरा वाटर प्लांट में काम करते थे।
सोमवार सुबह करीब सात बजे ड्यूटी खत्म कर मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। पड़ुआ मोड़ पर तेवर से जबलपुर जाने वाले मार्ग पर हादसा हुआ।
कार क्रमांक एमपी 20 जेडसी 1313 के ड्राइवर ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में श्याम सुंदर की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बरेला थाना क्षेत्र में पहाड़ीखेड़ा मोड़ के आगे हुए सड़क हादसे में देवरी स्थित पेट्रोल पंप के कर्मचारी शेषमणि तिवारी की मौत हो गई। रीवा निवासी शेषमणि किसी काम से मनेरी गए थे। वहां से लौटते समय अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है। टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन और चालक की तलाश कर रही है।