
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। मध्यप्रदेश ने बिजली आपूर्ति के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। शनिवार 21 नवंबर को प्रदेश में पहली बार बिजली की अधिकतम मांग 20 हजार मेगावाट के पार पहुंच गई। सुबह 9 बजकर 38 मिनट पर 20,079 मेगावाट की मांग दर्ज की गई, जिसे विद्युत कंपनियों ने बिना किसी व्यवधान के पूरा किया।
खास बात यह है कि एक दिन पहले ही प्रदेश ने पिछले सीजन की 19,895 मेगावाट की अधिकतम मांग का रिकॉर्ड पार किया था।
एमपी ट्रांसको के स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर के मुख्य अभियंता राजेश गुप्ता के अनुसार, अधिकतम मांग के समय पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के जबलपुर, सागर एवं रीवा संभाग में 4,993 मेगावाट, मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के भोपाल एवं ग्वालियर संभाग में 6,431 मेगावाट और पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के इंदौर एवं उज्जैन संभाग में 8,186 मेगावाट बिजली की मांग दर्ज की गई। इसके अलावा सेज और रेलवे क्षेत्र की मांग 469 मेगावाट रही।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में 20 हजार लोगों को मिलेगा फायदा, एक फीडर में खराबी आई तो पांच की बिजली नहीं होगी बंद
इन स्रोतों से पूरी हुई बिजली की मांग
रिकॉर्ड मांग के दौरान ताप विद्युत गृहों से 3,452 मेगावाट, जल विद्युत गृहों से 1,054 मेगावाट और नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों से 1,637 मेगावाट बिजली उपलब्ध कराई गई। वहीं एनटीपीसी, बैंकिंग और अन्य स्रोतों से 13,936 मेगावाट बिजली प्राप्त हुई।
इस तरह सभी स्रोतों से उपलब्ध बिजली के जरिए प्रदेश की मांग पूरी की गई। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने इस उपलब्धि पर प्रदेश की सभी विद्युत कंपनियों और बिजली कार्मिकों को बधाई दी।
उन्होंने कहा कि यह सफलता कर्मचारियों के अथक परिश्रम, तकनीकी दक्षता और समर्पित कार्यशैली का परिणाम है। अधिकतम मांग के दौरान सभी उत्पादन केंद्रों, पारेषण लाइनों और उपकेंद्रों के बीच समन्वय बनाकर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की गई।
यह भी पढ़ें- एमपी के हाइवे की स्ट्रीट लाइटों को स्मार्ट बनाने का सर्वे पूरा, ग्वालियर की 6235 लाइटों की भोपाल से होगी निगरानी