
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। निजी अस्पताल में इलाज के दौरान 23 वर्षीय नवविवाहिता दीक्षा पांडे की रविवार को मौत हो गई। मायके वालों ने उसकी सास उमा मिश्रा, ननद सोनम और पति अक्षय उर्फ सतीष मिश्रा पर हत्या का आरोप लगाया है।
परिवार का दावा है कि शादी के डेढ़ साल बाद भी बच्चा नहीं होने पर दीक्षा को लगातार ताने दिए जा रहे थे। गंभीर हालत में वेंटिलेटर पर भर्ती दीक्षा बोल नहीं पा रही थी। उसके भाई भूपेंद्र का दावा है कि उसने पेन से अपनी हथेली पर अंग्रेजी वर्णमाला का एस, यू और ए लिखकर कथित तौर पर इन्हीं तीन लोगों की ओर इशारा किया था।
दीक्षा मूल रूप से उत्तर प्रदेश के झांसी जिले के मऊरानीपुर की रहने वाली थी। करीब डेढ़ साल पहले उसकी शादी छतरपुर निवासी अक्षय से हुई थी। अक्षय सीआरपीएफ में नागपुर में पदस्थ है। परिजनों के अनुसार 24 सितंबर को वह दीक्षा के साथ छतरपुर आया था।
27 सितंबर को श्राद्ध कार्यक्रम के लिए दोनों हटा थाना क्षेत्र के ग्राम पाटन स्थित चाचा ससुर के घर पहुंचे थे। दीक्षा के भाई भूपेंद्र का आरोप है कि 29 सितंबर की दोपहर दीक्षा अपनी मां से फोन पर बात कर रही थी। इसी दौरान ननद सोनम से उसका विवाद हुआ और वह दीक्षा को जबरन घर से बाहर ले जाने लगी। परिवार का दावा है कि फोन पर उसकी मां ने दीक्षा की आवाज सुनी। इसके बाद उसका मुंह दबाकर गला दबाने का आरोप लगाया गया है।
घटना के बाद दीक्षा को गंभीर हालत में जबलपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर उसे वेंटिलेटर पर रखा गया। जानकारी मिलने पर भूपेंद्र झांसी से जबलपुर पहुंचा। दीक्षा बोल नहीं पा रही थी, इसलिए उसने लिखकर बात करने की कोशिश की।
भूपेंद्र के मुताबिक दीक्षा ने पेन से अपनी हथेली पर एस, यू और ए लिखा। परिवार ने इन अक्षरों को सोनम, उमा और अक्षय से जोड़ते हुए दावा किया कि दीक्षा ने मौत से पहले इन्हीं लोगों की ओर इशारा किया था।
मायके वालों का दावा है कि दीक्षा के गले पर दबाने के निशान थे। उनका आरोप है कि बच्चा नहीं होने को लेकर सास और ननद उसे लगातार ताने देती थीं। परिवार के अनुसार प्रताड़ना के चलते दीक्षा कुछ समय पति के साथ नागपुर में रहने लगी थी, लेकिन वहां भी उसे फोन पर परेशान किए जाने का आरोप है।
दीक्षा को 30 सितंबर को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान रविवार को उसकी मौत हो गई। तहसीलदार की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराया गया और शव परिजनों को सौंप दिया गया। सोमवार को झांसी में अंतिम संस्कार किया जाएगा।
गोहलपुर थाना प्रभारी रीतेश पांडे ने बताया कि घटना स्थल हटा थाना क्षेत्र का है। गोहलपुर पुलिस ने शून्य पर मर्ग कायम किया है। मर्ग डायरी जांच के लिए हटा थाने भेजी जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- विवाहित बेटी को अनुकंपा नियुक्ति से वंचित नहीं कर सकते, हाई कोर्ट ने किया निरस्तीकरण आदेश रद