
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। शहर के कांचघर स्थित हनुमान टोरिया मंदिर में मंगलवार तड़के एक नागा साधु पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। मंदिर परिसर में साधना कर रहे अखंडानंद गिरि स्वामी पर हमले में उनके सिर और पेट में चोटें आने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद मंदिर परिसर में हलचल मच गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार साधु ने कुछ युवकों पर गाली-गलौज करने के बाद हमला किए जाने का आरोप लगाया है। घटना के पीछे मंदिर परिसर में रहने को लेकर चल रहे विवाद की आशंका जताई जा रही है।
बताया गया है कि नागा साधु मंदिर परिसर में साधना कर रहे थे। इसी दौरान कुछ युवकों के साथ विवाद की स्थिति बनी। आरोप है कि कहासुनी के बाद युवकों ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में उनके सिर और पेट में चोट आई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाना शुरू किया।
पुलिस अब घटना के कारणों और हमलावरों की पहचान को लेकर जांच कर रही है। मंदिर परिसर और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ के साथ घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों को जुटाया जा रहा है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई और हमले में कितने लोग शामिल थे।
हनुमान टोरिया मंदिर शहर के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है। ऐसे में मंदिर परिसर में साधु पर चाकू से हमले की खबर सामने आने के बाद श्रद्धालुओं में भी चर्चा का माहौल है। फिलहाल मामले में पुलिस जांच के बाद ही पूरी तस्वीर सामने आने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें- टीईटी से छूट के अभ्यावेदन पर 60 दिन में निर्णय लें, शिक्षाकर्मी वर्ग-2 और वर्ग-3 को हाई कोर्ट से राहत