
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। नर्मदा महोत्सव 2026 के तहत मां नर्मदा के प्राकृतिक सौंदर्य और भेड़ाघाट की पर्यटन विरासत को सामने लाने के लिए फोटोग्राॅफी प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है।
धुआंधार जलप्रपात, लम्हेटाघाट, बंदरकूदनी और भेड़ाघाट क्षेत्र के अन्य प्राकृतिक स्थलों की तस्वीरें खींचने वाले फोटोग्राॅफर और इच्छुक नागरिक भाग ले सकेंगे।
जिला प्रशासन, पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद तथा नगर परिषद भेड़ाघाट के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता का उद्देश्य माँ नर्मदा की छटा, धार्मिक स्थलों और क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता को तस्वीरों के माध्यम से जनसामान्य तक पहुंचाना है।
प्रतिभागियों को अपने फोटोग्राॅफ 24 अक्टूबर 2026 को शाम पांच बजे तक नगर परिषद कार्यालय, भेड़ाघाट में जमा करने होंगे। तस्वीरें विजय कुमार कोरी के पास जमा की जा सकती हैं।
प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पाने वाले विजेताओं की घोषणा भी 24 अक्टूबर को होगी। नर्मदा महोत्सव के कार्यक्रम के दौरान विजेताओं को प्रमाण-पत्र और शील्ड देकर सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगिता की अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 8319680996 पर संपर्क किया जा सकता है।
यह भी पढ़ें- एनसीआर से जबलपुर आए स्पेशल रैक, सीधी-पन्ना से ट्रेनों का शुभारंभ, मध्य प्रदेश की सबसे लंबी रेल सुरंग से गुजरेगी