
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। स्वतंत्रता के बाद पहली बार शनिवार को भारतीय रेल बुंदेलखंड के पन्ना और विंध्य के सीधी जिले तक यात्रियों को लेकर पहुंचेगी। ललितपुर-सिंगरौली रेलखंड के तहत सतना-देवेंद्र नगर और रीवा-चुरहट के बीच नई रेल लाइन बनकर तैयार है। पश्चिम मध्य रेल ने यात्री ट्रेनें चलाने की तैयारियां पूरी कर ली हैं।
शुभारंभ ट्रेन के लिए उत्तर मध्य रेल (एनसीआर) से विशेष रैक मंगाया गया है, जो सतना पहुंच चुका है। रीवा-चुरहट रेलखंड पर बनी प्रदेश की अब तक की सबसे लंबी रेल सुरंग से भी उद्घाटन के साथ नियमित रेल यातायात शुरू हो जाएगा। सुरंग बनने से विंध्य के दुर्गम क्षेत्र रेल नक्शे पर जुड़ गए हैं।
नागौद में आयोजित कार्यक्रम में नगरीय विकास एवं आवास राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी, खजुराहो सांसद विष्णु दत्त शर्मा और सतना सांसद गणेश सिंह उपस्थित रहेंगे। चुरहट में उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा और सीधी-सिंगरौली सांसद डा. राजेश मिश्रा अतिथि होंगे।
(नोट: रविवार छोड़कर सप्ताह के बाकी छह दिनों में संचालन होगा।)
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव कार्यक्रम से वर्चुअली जुड़ेंगे। उनके हरी झंडी दिखाने के साथ एक शुभारंभ विशेष ट्रेन देवेंद्र नगर से सतना आएगी और दूसरी चुरहट से रीवा तक चलेगी। 25 अक्टूबर से मेमू के एक रैक के जरिए देवेंद्र नगर-चुरहट के बीच नियमित सेवा शुरू होगी।
रीवा-चुरहट रेलखंड पर गोविंदगढ़ और बघवार के बीच बनी छुहिया घाटी सुरंग 3.33 किमी लंबी है। इससे घाटी का 10 किमी का घुमावदार और चढ़ाई वाला रास्ता 3.33 किमी में सिमट गया है और रेलमार्ग की दूरी सात किमी कम हुई है। सतना-देवेंद्र नगर के बाद पन्ना और रीवा-चुरहट के बाद सीधी अगला पड़ाव होगा।
दोनों जिला मुख्यालयों तक इस वर्ष के अंत तक ट्रेन पहुंचाने के लक्ष्य पर काम जारी है। नई कनेक्टिविटी से यात्रियों, छात्रों, नौकरीपेशा लोगों और व्यापारियों को सुविधा मिलेगी। धार्मिक व पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान होने से पर्यटन और रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में एलओसी जमा करने का आखिरी मौका, 30 अक्टूबर के बाद सीबीएसई स्कूलों को कोई राहत नहीं