
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। विद्यार्थियों में विज्ञानी दृष्टिकोण विकसित करने और उन्हें नवाचार के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से 16 नवंबर से होमसाइंस कालेज में पांच दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला जिज्ञासा आयोजित की जाएगी।
विज्ञान भारती की प्रांतीय इकाई महाकौशल विज्ञान परिषद की ओर से होने वाली इस 20वीं कार्यशाला की थीम ‘भारत के विकास में विज्ञान और प्रौद्योगिकी का योगदान’ है।
कार्यशाला में विज्ञानी रंगोली, पोस्टर पेंटिंग, निबंध लेखन, विज्ञान प्रश्नोत्तरी, विज्ञानी माडल निर्माण और वाद-विवाद जैसी प्रतियोगिताएं होंगी। इनके जरिए विद्यार्थियों को विज्ञान के सिद्धांत समझने और उन्हें व्यावहारिक रूप में प्रस्तुत करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
कार्यशाला के दौरान प्रतिदिन प्रख्यात विज्ञानियों के उद्बोधन होंगे। विद्यार्थी विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में हो रहे नए प्रयोगों, अनुसंधानों और संभावनाओं की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
कार्यशाला का उद्घाटन 16 नवंबर को शासकीय एमएच गृह विज्ञान एवं विज्ञान महिला महाविद्यालय (स्वायत्त) में होगा। 20 नवंबर को प्रधानमंत्री काॅलेज आफ एक्सीलेंस शासकीय महाकोशल स्वशासी (अग्रणी) महाविद्यालय में समापन और पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- सरकार से अनुदान प्राप्त संस्थानों में कर्मचारियों के रिटायरमेंट की उम्र 62 साल रहेगी, एमपी हाईकोर्ट का फैसला