
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। मैहर मेले को लेकर जबलपुर रेल मंडल की तैयारी अलग-अलग स्टेशनों के लगभग 50 कर्मचारियों की मेले में तैनाती की गई है। नवरात्र पर मैहर मेले के दौरान जबलपुर से मानिकपुर तक टिकट जांच के लिए स्पेशल स्क्वायड चलेगी।
मां शारदा देवी के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ को स्टेशन पर नियंत्रित करने के लिए जबलपुर रेल मंडल ने तैयारी कर ली है। यात्रियों को आसानी से अनारक्षित टिकट उपलब्ध हो सके, इसलिए अतिरिक्त टिकिट काउंटर, एटीवीएम के साथ ही प्रयागराज मेले के मोबाइल टिकट सिस्टम का उपयोग किया जाएगा।
प्रयागराज से चार एमयूटीएस मंगाई गई है, जिसके माध्यम से यात्रियों को चलते-फिरते अनारक्षित टिकट मिल सकेगी। टिकट जांच के लिए 21 टिकट निरीक्षकों को मंडल के अलग-अलग स्टेशनों से मैहर भेजा जा रहा है।
इसके अतिरिक्त स्पेशल स्क्वायड दल का गठन किया गया है, जो कि ट्रेनों में जांच करेगा। मैहर में यात्री दबाव को देखते हुए अलग-अलग स्टेशनों के कुल लगभग 50 कर्मचारियों को मैहर में नवरात्र तक तैनात किया गया है। रेल सुरक्षा बल के जवानों की भी तैनाती की गई।
यह भी पढ़ें- मुख्यमंत्री जी... टिमरनी को खेल मैदान चाहिए; हरदा में खिलाड़ियों ने हाथों में बैनर लेकर उठाई मांग