
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। अंचल में लगातार वर्षा और बरगी बांध के 13 गेट खुलने से नर्मदा सहित सहायक नदियों और नालों का जलस्तर आठ से 10 फीट तक बढ़ गया है। भेड़ाघाट का धुआंधार जलप्रपात भी तेज बहाव के बीच पानी में छिप गया है।
लोग नदी के बढ़े जलस्तर और उफनते जलस्रोतों का रोमांच देखने के लिए सुरक्षा घेरे पार कर तट तक पहुंच रहे हैं। कई लोग गहरे पानी में उतरकर स्नान करने के साथ पुलों और घाटों के किनारे खड़े होकर फोटो व रील बनाने का जोखिम उठा रहे हैं। ऐसे में जरा सी चूक जानलेवा साबित हो सकती है।

रक्षाबंधन के दौरान महाराष्ट्र के जलगांव से आए पिता-पुत्र के लम्हेटा तट पर नर्मदा में स्नान करते समय बहने की घटना इसका उदाहरण है। हादसे में पिता की मौत हो गई थी। जल के तेजबहाव में बहे पुत्र का अब तक पता नहीं चल सका है।

प्रशासन, पुलिस, होमगार्ड और एसडीआरएफ की टीमें ग्वारीघाट, भेड़ाघाट, तिलवारा घाट, जिलहरी घाट, लम्हेटाघाट सहित निचले और डूब प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी कर रही हैं। लोगों को नदी से दूर रहने के लिए उद्घोषणा भी की जा रही है। होमगार्ड के प्रशिक्षित तैराक और गोताखोर मोटरबोट, रेस्क्यू बोट, लाइफ जैकेट, रस्सियों, कटर और सर्च लाइट जैसे उपकरणों के साथ तैनात हैं। जरूरत पड़ने पर स्थानीय नाविकों की मदद भी ली जाती है।

नर्मदा के प्रमुख घाटों पर सुरक्षा के इंतजाम होने के बावजूद हर स्थान पर सतत निगरानी नजर नहीं आती। भेड़ाघाट में खतरें को बताने वाली सूचना प्रदर्शित की गई है लेकिन तट के पास और जलस्तर बढ़ने के बीच पुल पर लोग ठहर रहे है। जल स्तर देखने के साथ ही किनारे पर जाकर फोटो खींच रहे है।
.jpeg)
कई जगह सुरक्षा घेरा पार कर लोग नदी के बेहद करीब पहुंच जा रहे हैं। सूचना और चेतावनी देने वाले पर्याप्त बोर्ड भी हर संवेदनशील स्थान पर नहीं हैं। ऐसे में केवल घटना के बाद रेस्क्यू पर निर्भर रहने के बजाय हादसा रोकने के लिए निगरानी को मजबूत करना जरूरी है।
बरगी बांध के गेट खुलने का दृश्य देखने के लिए भी बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। बांध के डाउनस्ट्रीम और बहाव वाले रास्तों के आसपास विशेष सतर्कता जरूरी है। प्रशासन की ओर से निचले क्षेत्रों और आसपास के गांवों को अलर्ट किया गया है।
लोगों की आवाजाही रोकने के लिए प्रभावी बैरिकेडिंग, संकेतक और लगातार निगरानी सभी संवेदनशील बिंदुओं पर सुनिश्चित करना जरूरी है। बढ़े जलस्तर के दौरान रोमांच के बजाय सुरक्षा को प्राथमिकता देना ही किसी बड़ी अनहोनी को रोक सकता है।
शुक्रवार रात आठ बजे बांध का जलस्तर 422.25 मीटर दर्ज किया गया, जबकि बांध की कुल लाइव क्षमता का 96.46 प्रतिशत यानी 3067.50 एमसीएम पानी जलाशय में मौजूद है। बांध का फुल रिजर्वायर लेवल (एफआरएल) 422.76 मीटर है। जलस्तर एफआरएल से महज 51 सेंटीमीटर नीचे है।
बांध में इस समय औसतन 2967 क्यूमेक पानी की आवक हो रही है। जलाशय में पानी की स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए 13 गेट 1.96 मीटर की औसत ऊंचाई तक खुले रखे गए हैं। इन गेटों से करीब 3802 क्यूमेक पानी छोड़ा जा रहा है। इसके अलावा आरबीपीएच से 210 क्यूमेक, एलबीएमसी से 12 क्यूमेक और आरबीएमसी से 8 क्यूमेक पानी छोड़ा जा रहा है।
कुल डिस्चार्ज 4032 क्यूमेक है, जबकि नदी में करीब 4012 क्यूमेक पानी पहुंच रहा है।नौ घंटे में 1.82 मिमी बारिशबांध क्षेत्र में शुक्रवार शाम छह बजे तक पिछले नौ घंटे में 1.82 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इस मानसून सीजन में अब तक संचयी वर्षा 1111.46 मिलीमीटर दर्ज हो चुकी है।
लगातार बारिश और बांध में बनी पानी की आवक के कारण जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए गेटों से पानी छोड़ा जा रहा है। हालांकि पिछले वर्ष आज के दिन की तुलना में इस बार बरगी बांध का जलस्तर करीब 80 सेंटीमीटर कम है।
पिछले साल जलस्तर 423.05 मीटर था और लाइव क्षमता 3254 एमसीएम यानी 102.33 प्रतिशत दर्ज की गई थी। इसके मुकाबले इस वर्ष 422.25 मीटर जलस्तर और 3067.50 एमसीएम लाइव क्षमता दर्ज हुई है।
यह भी पढ़ें- 'छलक उठी राजधानी की लाइफलाइन': झमाझम बारिश से भरा बड़ा तालाब, भोपाल में 4 घंटे के लिए खोला गया भदभदा का गेट