नवागत निगमायुक्त स्वप्निल वानखडे ने संभाला पदभार, स्वच्छता को बताई प्राथमिकता
Jabalpur News : जबलपुर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। स्वच्छ सर्वेक्षण 2023 में जबलपुर को शिखर पर पहुंचाने प्रयास किए जाएंगे। नागरिकों व जनप्रतिनिधियों के सहयोग से शहर की साफ-सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए स्वच्छता में जबलपुर की रैंकिंग सुधारना और नागरिकों को अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं प्रदान करना प्राथमिकता होगी। ये कहना है कि नवागत निगमायुक्त स्वप्निल वानखडे का। गुरुवार को उन्होंने करीब चार बजे सभी औपचारिकताएं पूरी कर निगमायुक्त का पदभार ग्रहण किया। प्रभारी निगमायुक्त व अपर कलेक्टर शेर सिंह मीणा ने उन्हें प्रभार सौंपा।
चर्चा के दौरान नए निगमायुक्त ने शहर में चल रहे सीवर लाइन के कार्य को तय समय सीमा में पूरा करने। विकास व निर्माण कार्यों को गुणवत्तापूर्वक निर्धारित समय अवधि में जनप्रतिनिधियों के सहयोग से पूरे कराए जाने की भी बात कहीं। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं का लाभ आसानी से मिले कोई परेशान हो इस पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
अधिकारियों से मिले, लिया परिचय-
इसके पहले नए निगमायुक्त के स्वागत करने निगम अधिकारी, कर्मचारियों में भी होड़ मची रही। उन्होंने भी किसी को निराश नहीं किया और सभी से मुलाकात कर परिचय प्राप्त किया। नगरीय प्रशासन आयुक्त के आगमन की सूचना मिलते ही करीब पांच बजे कार्यालय से रवाना हो गए।
2016 बैच के आइएएस हैं-
स्वप्निल वानखडे 2016 बैच के आइएएस अधिकारी हैं। इसके पहले वे रीवा में सीईओ जिला पंचायत के पद पर पदस्थ रहे। उन्हें अच्छे कार्यों के लिए शासन स्तर पर तीन बार पुरस्कृत भी किया जा चुका है। साफ्टवेयर को भी उनका अच्छा खासा अनुभव है। उनसे मिलने के बाद अधिकारियों का कहना है कि नए निगमायुक्त काफी सुलझे व अनुभवी हैं।