
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। मुख्य रेलवे स्टेशन पर बंद फूड स्टाॅल में आग लगने की घटना के बाद भी सुरक्षा को लेकर लापरवाही का सिलसिला थम नहीं रहा है।
अग्नि दुर्घटना में क्षतिग्रस्त स्टाल और शेड की मरम्मत के दौरान इंजीनियरिंग विभाग की टीम ने पार्सल के बिखरे सामान के बीच ही वेल्डिंग का काम शुरू कर दिया।
पार्सल से जुड़े कर्मचारियों और निजी लीज होल्डरों ने इस पर आपत्ति जताई। शिकायत रेल अधिकारियों तक पहुंची तो तत्काल काम रुकवा दिया गया। अधिकारियों ने सामान हटाने और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने के बाद ही काम करने के निर्देश दिए।
प्लेटफाॅर्म एक के कटनी छोर पर जहां आगजनी की घटना हुई थी, वहां अब भी पार्सल का सामान बिखरा पड़ा है। पार्सल और लगेज वैन खड़ी करने के लिए प्लेटफाॅर्म एक पर मुख्य लाइन के अलावा पार्सल कार्यालय की ओर अलग साइड लाइन भी बनाई गई है।
इस लाइन पर ट्रेनों के पार्सल और लगेज यान खड़े कर सामान उतारने की व्यवस्था है, लेकिन आरोप है कि ऑपरेटिंग विभाग के जिम्मेदार इस व्यवस्था का पालन नहीं कर रहे। इससे निजी पार्सल लीज होल्डर को भी समस्या हो रही है।
साइड लाइन के बजाय पार्सल और लगेज यान प्लेटफाॅर्म की मुख्य लाइन पर खड़े किए जा रहे हैं। इससे सामान प्लेटफाॅर्म के यात्री आवागमन क्षेत्र में ही उतारा और रखा जाता है। नतीजतन यात्रियों को आवाजाही में परेशानी होती है और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
निजी लीज होल्डरों के अनुसार साइड लाइन का नियमित उपयोग होने से न केवल यात्रियों को राहत मिलेगी, बल्कि पार्सल के सामान की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सकेगी। वहीं, पैसेंजर सर्कुलेटिंग एरिया में सामान नहीं फैल सकेगा।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में निर्माणाधीन मकान के बाहर खड़ी दो वैन बनीं आग का गोला, गैस किट में होते रहे धमाके