
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। धनतेरस की रात जबलपुर के गाजी नगर स्थित झुग्गी बस्ती में भीषण आग ने भारी तबाही मचाई। रात करीब दो बजे लगी आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। लपटें तेजी से फैलती गईं और देखते ही देखते करीब 50 झुग्गियां जलकर खाक हो गईं।
गाजी नगर की इस बस्ती में 350 से ज्यादा झुग्गियां हैं। ऐसे में आग की शुरुआत के बाद आसपास की झोपड़ियों तक लपटें पहुंचने का खतरा लगातार बना रहा। आग फैलने की खबर से बस्ती में अफरा-तफरी मच गई।
लोग अपनी झुग्गियों से सामान निकालने और सुरक्षित जगह पहुंचने की कोशिश में जुट गए। संकरी गलियों और एक-दूसरे से सटी झोपड़ियों के बीच दमकल कर्मियों के सामने आग पर नियंत्रण पाने की बड़ी चुनौती रही।
धनतेरस की रात हुए इस हादसे ने कई परिवारों की गृहस्थी उजाड़ दी। 50 झुग्गियों के जलने से प्रभावित परिवारों के सामने अब रहने और रोजमर्रा की जरूरतों का संकट खड़ा हो गया है।
दमकल वाहनों ने लगातार पानी की बौछार कर आग को फैलने से रोकने और बुझाने का प्रयास किया। आग लगने का कारण और जनहानि या अन्य नुकसान का आधिकारिक ब्योरा फिलहाल उपलब्ध नहीं है।
पूर्व पार्षद ताहिर अली ने बताया जिन परिवारों ने वर्षों की मेहनत से अपनी छोटी-सी गृहस्थी बनाई थी, उनके पास अब कुछ भी नहीं बचा है। कई परिवारों के सामने सिर छिपाने तक की जगह नहीं है। ऐसे में प्रशासन के सामने तत्काल राहत पहुंचाने की चुनौती है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में ठंड का असर: सर्द सीजन में पहली बार 13 डिग्री पर आया पारा, 10 नवंबर से बढ़ेगी ठंडक