
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। शहर में ऑनलाइन लेन-देन और डिजिटल भुगतान के दौरान धोखाधड़ी के दो मामले सामने आए हैं।
माढ़ोताल थाना क्षेत्र में दो लोगों ने शिकायत दर्ज कराई है कि उनके साथ अलग-अलग तरीकों से कुल 1.20 लाख रुपये की धोखाधड़ी हुई। पुलिस ने दोनों मामलों में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्रीन सिटी निवासी आशीष भट्ट (32) बुधवार को दोपहर 12:57 बजे अपने मोबाइल से यूपीआई के जरिए मणप्पुरम गोल्ड लोन एप पर 50 हजार रुपये ट्रांसफर कर रहे थे। रकम ट्रांसफर नहीं हुई और अचानक उनका मोबाइल हैक हो गया।
पांच से दस मिनट बाद बैंक खाता चेक करने पर 50 हजार रुपये कटे मिले। वहीं, करमेता निवासी राहुल सिंह धुर्वे (26) के खाते में हुए संदिग्ध लेन-देन के दौरान कुल 70 हजार रुपये की धोखाधड़ी हुई।
दोपहर में उनके खाते से पंकज चौधरी के नाम से 50 हजार रुपये का ट्रांजेक्शन हुआ। उसके कुछ देर बाद यूपीआइ के जरिए 34 हजार रुपये पंकज चौधरी के नाम से वापस आए।
इन संदिग्ध ट्रांजेक्शन के दौरान उसके साथ कुल 70 हजार रुपये पार हो गए। बैंक खाते पर होल्ड लगने से वह राशि निकाल नहीं पा रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- चार रुपये के रिफंड के चक्कर में 98 हजार गंवाए, जबलपुर में शिक्षक समेत चार लोग साइबर ठगी के शिकार