
कमलेश मिश्रा, जबलपुर। आर्डनेंस फैक्ट्री खमरिया (ओएफके) को फिर स्वीडन से 40 एमएम एल-70 तोप के 40 हजार कार्टेज केस (बम) आपूर्ति करने का आर्डर मिला है। ये कार्टेज केस एंटी एयरक्राफ्ट और अत्यंत विध्वंसक हैं। बता दें कि ओएफके में स्वदेशी तकनीक से उत्पादित आयुध सामग्री की मांग बढ़ने लगी है।
पिछले वित्तीय वर्ष में भी 40 एमएम एल-70 तोप के 44 हजार कार्टेज केस की आपूर्ति स्वीडन के लिए की गई थी। इसकी समय पर आपूर्ति से निर्माणी की साख मजबूत हुई है। ताजा आर्डर की आपूर्ति मौजूदा वित्तीय वर्ष के अंत तक करनी है।
इसके लिए जितनी मात्रा में कच्चे माल की आवश्यकता है, उतनी की व्यवस्था निर्माणी ने कर रखी है। नए आर्डर को लेकर फैक्ट्री में निर्माण कार्य ने जोर पकड़ लिया है। निर्माणी प्रबंधन का दावा है कि आपूर्ति समय से पहले भी की जा सकती है।
ओएफके का यह उत्पादन न केवल डीआरडीओ से प्रमाणित है, बल्कि पूरी तरह से मेक इन इंडिया की मिसाल है। स्वीडन की जिस कंपनी के लिए कार्टेज केस भेजे जा रहे हैं, उसने दो विदेशी कंपनियों के उत्पादों को पहले खारिज कर चुकी है।

ओएफके को रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। निर्माणी को विदेश से एल-70 के 40 हजार कार्टेज केस बनाने का आर्डर प्राप्त हुआ है। हमें विश्वास है कि तय समय से पूर्व आपूर्ति की जा सकेगी।
- एमएन हालदार, महाप्रबंधक, ओएफके