
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर रेलवे ने स्टेशनों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। इसके तहत 11 से 14 अगस्त तक दिल्ली जाने वाली ट्रेनों में पार्सल बुकिंग सेवा अस्थायी रूप से बंद रहेगी। इस अवधि में दिल्ली के छह प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर पार्सल की बुकिंग और डिलीवरी भी प्रतिबंधित रहेगी।
रेलवे प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से यह निर्णय लिया है। प्रतिबंध के दौरान सामान्य और रजिस्टर्ड पार्सल की बुकिंग नहीं होगी। इसके अलावा लीज्ड एसएलआर, एजीसी तथा वीआईपी और स्पेशल कोच के माध्यम से होने वाले माल परिवहन पर भी रोक रहेगी।
15 अगस्त से पार्सल सेवाएं सामान्य होगी। स्वतंत्रता दिवस को लेकर आरपीएफ और जीआरपी भी अलर्ट है। स्वतंत्रता की अगस्त परेड और मुख्य स्टेशन की सुरक्षा के लिए भोपाल से दो एवं कोटा से एक डाग स्क्वायड जबलुपर बुलाई गई है।
18-18 जवानों का दल भी दोनों मंडल से मुख्यालय पहुंचा है। यह दल मुख्य स्टेशन की सुरक्षा के साथ ही परेड में शामिल होगा। जबलपुर में आरपीएफ के डाग स्क्वायड दल ने भी सोमवार को मुख्य स्टेशन पर प्रमुख ट्रेनों के समय पर जांच की। स्टेशन पर निगरानी बढ़ा दी गई है।