
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। हाई कोर्ट ने चार लाख रुपये के ऑनलाइन साइबर फ्राॅड के मामले में पीड़ित को फ्रीज कराई गई 2.32 लाख रुपये की राशि वापस दिलाने से संबंधित प्रकरण में सीधी के पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के खिलाफ पांच हजार रुपये का जमानती वारंट जारी किया है।
न्यायमूर्ति दीपक खोत की एकलपीठ ने 26 नवंबर को सुनवाई के दौरान दर्ज किया कि प्रतिवादी को नोटिस की तामील होने के बावजूद उनकी ओर से कोई उपस्थित नहीं हुआ। कोर्ट ने अगली सुनवाई पर उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए वारंट जारी करने का निर्देश दिया।
मामले की अगली सुनवाई 14 दिसंबर को होगी। प्रकरण राजकुमार सोनी विरुद्ध संतोष कोरी से संबंधित है। याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता प्रदीप कुमार शर्मा ने पक्ष रखा।
मामले की पृष्ठभूमि में राजकुमार सोनी ने एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके एसबीआई खाते से अज्ञात लोगों ने ऑनलाइन धोखाधड़ी कर चार लाख रुपये निकाल लिए। जांच के दौरान साइबर सेल ने 2.32 लाख रुपये फेडरल बैंक के एक खाते में फ्रीज कराए।
साइबर सेल ने 17 जनवरी 2026 के प्रतिवेदन में उक्त राशि पीड़ित के खाते में अंतरित करने पर न्यायालय की शर्तों के अधीन कोई आपत्ति नहीं जताई थी। अब हाई कोर्ट ने प्रतिवादी की अनुपस्थिति पर जमानती वारंट जारी कर दिया है।
यह भी पढ़ें- हाई कोर्ट जजों की नियुक्ति में आरक्षण की मांग वाली याचिका खारिज, सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देगी