
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। संजीवनी नगर थाना क्षेत्र में फार्मेसी की एक छात्रा ने अस्पताल में कार्यरत फार्मासिस्ट पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने, गर्भवती होने पर गर्भपात कराने और बाद में शादी से इनकार करने का गंभीर आरोप लगाया है।
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ दुष्कर्म सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों की पहचान इंटर्नशिप के दौरान हुई थी, जिसके बाद आरोपित ने विश्वास जीतकर शादी का वादा किया और कथित तौर पर उसका शारीरिक शोषण करता रहा।
पुलिस के अनुसार 21 वर्षीय छात्रा एक निजी कॉलेज से फार्मेसी की पढ़ाई कर रही है। नवंबर 2025 में इंटर्नशिप के लिए वह एक निजी अस्पताल पहुंची थी, जहां उसकी मुलाकात फार्मासिस्ट नीरज राठौर से हुई। नीरज मूल रूप से अनूपपुर का रहने वाला है और वर्तमान में धनवंतरी नगर में निवास करता है। बातचीत के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और आरोपित ने छात्रा से शादी करने का भरोसा दिलाया।
कुछ समय बाद छात्रा के गर्भवती होने की जानकारी मिलने पर आरोपित ने उसे गर्भपात की दवाएं दीं। तबीयत बिगड़ने पर वह उसे इलाज के लिए घड़ी चौक स्थित डॉ. आस्था शर्मा के पास ले गया। बाद में सोनोग्राफी कराने के बाद धनवंतरी नगर स्थित स्काई ब्लू अस्पताल में गर्भपात कराया गया।