
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। पुलिस से बचने के लिए साधु का भेष धारण कर अलग-अलग जिलों में घूम रहे 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी को अधारताल पुलिस ने 15 साल बाद गिरफ्तार किया है। आरोपी की तलाश वर्ष 2011 से की जा रही थी।
शहर में उसके पहुंचने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और उसे तीन पुलिया के पास से पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार निर्भय नगर निवासी संदीप पटेल ने वर्ष 2011 में आपराधिक वारदात की थी।
पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। लंबे समय तक पुलिस से बचने के लिए वह अपना भेष बदलकर अलग-अलग जिलों में घूमता रहा। घटना के बाद से वह फरार था।
हाल ही में पुलिस टीम को उसके शहर में आने की जानकारी मिली। इसके बाद उसकी तलाश शुरू की गई। पता चला कि वह अधारताल तीन पुलिया के पास से गुजर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है।