
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। शोभापुर में भाजपा नेत्री संगीता रजक के घर पर बम फेंकने के मुख्य आरोपित प्रवीण रजक को रांझी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपित रांझी क्षेत्र में लगातार आपराधिक वारदातों को अंजाम देकर पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था। दबोचने के बाद पुलिस आरोपित को रांझी क्षेत्र में पैदल लेकर गई।
इस दौरान वह कान पकड़े और अपराध न करने की बात कहते हुए नजर आया। इसके बाद उसे केंद्रीय कारागार ले जाकर राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए) का वारंट तामील कराया गया और कारगार भेज दिया गया।
मुख्य आरोपित प्रवीण घटना के बाद से फरार चल रहा था। उस पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस के मुताबिक उसने एक शराब दुकान पर भी बमबाजी की वारदात को अंजाम दिया था।
रांझी थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी ने बताया कि प्रवीण वर्ष 2017 से लगातार आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, अवैध वसूली, मारपीट, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम, आर्म्स एक्ट तथा गवाहों को धमकाने सहित 30 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।
कई प्रतिबंधात्मक कार्यवाहियों के बावजूद उसके व्यवहार में सुधार नहीं आने पर पुलिस ने उसके खिलाफ एनएसए की कार्रवाई का प्रस्ताव भेजा था, जिस पर वारंट जारी होने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।
यह भी पढ़ें- अब होटल, अस्पताल; मैरिज गार्डन को स्वत: करना होगा अपने कचरे का निपटान