
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। जिले के प्रमुख महिला अस्पताल रानी दुर्गावती एल्गिन अस्पताल में आने वाली प्रसूता को राहत देने के उद्देश्य से दो नए काउंटर जल्द आरंभ होने जा रहे हैं।
अभी संचालित एक काउंटर पर 300 से अधिक मरीजों को पंजीयन के लिए जूझना पड़ता है। अस्पताल में आने वाली प्रसूताओं को अब पंजीयन के लिए लंबी कतार में नहीं जूझना पड़ेगा। अस्पताल प्रबंधन जल्द ही दो नए पंजीयन काउंटर शुरू करने जा रहा है।
अभी सिर्फ दो काउंटर पर ही रोजाना 300 से अधिक मरीजों का पंजीयन होता है, जिससे सुबह से ही भीड़ और अव्यवस्था की स्थिति बन जाती है। एल्गिन अस्पताल में जबलपुर सहित आसपास के जिलों से भी प्रसूताएं इलाज के लिए पहुंचती हैं।
सामान्य प्रसव, सीजर, हाईरिस्क गर्भावस्था, एनीमिया और अन्य जटिलताओं के मामले यहां रोज आते हैं। ओपीडी के समय सुबह 9 बजे से ही पंजीयन काउंटर पर महिलाओं की लंबी लाइन लग जाती है। कई बार गर्भवती महिलाओं को घंटों खड़े रहना पड़ता है, जिससे उन्हें परेशानी के साथ-साथ स्वास्थ्य जोखिम भी रहता है। उनके साथ आए परिजन भी काउंटर के आगे भीड़ में फंसे रहते हैं।
अस्पताल अधीक्षक डा नीता पाराशर के अनुसार विशेष रूप से प्रसूताओं के लिए अलग व्यवस्था पर भी विचार किया जा रहा है, ताकि गंभीर और हाईरिस्क मरीजों को प्राथमिकता मिल सके। प्रबंधन का कहना है कि काउंटर बढ़ने के साथ-साथ टोकन व्यवस्था और बैठने की सुविधा को और बेहतर किया जाएगा।
पंजीयन में देरी से कई बार मरीजों के परीक्षण और इलाज में भी देरी हो जाती है। समय पर पंजीयन होने से डाक्टर समय पर मरीज देख सकेंगे और वार्ड में भर्ती की प्रक्रिया भी तेज होगी। इससे अस्पताल की समूची व्यवस्था पर सकारात्मक असर पड़ेगा।
एल्गिन में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन सुविधाएं उसी अनुपात में नहीं बढ़ीं। इसके साथ ही डाक्टर, नर्सिंग स्टाफ और जांच सुविधाओं में भी विस्तार की जरूरत है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में दोस्त से मिलने के लिए हॉस्टल से भागे दो छात्र, परिवार वालों ने स्कूल पहुंचकर किया हंगामा