
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (सीजीएसटी) आयुक्तालय, जबलपुर की निवारक शाखा ने कर चोरी के एक बड़े मामले में कार्रवाई करते हुए युवराज ट्रेडर्स के प्रोपराइटर संदीप कुमार साहू को गिरफ्तार किया है।
विभागीय जांच में फर्म के माध्यम से करीब 71 रुपये करोड़ के माल की अवैध खरीद-बिक्री किए जाने और इससे लगभग 15 करोड़ रुपये की कर चोरी का मामला सामने आया है। आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजने के आदेश दिए गए।
निवारक शाखा ने मेसर्स युवराज ट्रेडर्स, जबलपुर के खिलाफ जांच शुरू की थी। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के मुताबिक, फर्म पर बिना वैध बिल और उचित कर भुगतान के व्यापार करने का आरोप है।
विभाग को जांच में ऐसे साक्ष्य मिले हैं, जिनके आधार पर माल की खरीद-बिक्री और लगभग 15 करोड़ की कर चोरी की। इस कार्रवाई के बाद कर चोरी के मामलों में संलिप्त कारोबारियों के बीच हलचल मची हुई है।
सीजीएसटी विभाग अब इस मामले से जुड़े अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी पड़ताल कर रहा है। जांच का दायरा बढ़ाते हुए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कथित कर चोरी में और कौन-कौन शामिल था।
इसके पीछे कोई संगठित नेटवर्क काम कर रहा था या नहीं। विभागीय जांच जारी है। आगे की कार्रवाई जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।
यह भी पढ़ें- जबलपुर के ड्राइवरों में कार्रवाई का खौफ नहीं, आठ लाख को भेजे ई-चालान, 2.13 ने किया जमा