
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। शहर में कैफे और स्पा सेंटरों की आड़ में संचालित कथित व्यापार एवं अनैतिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए बुधवार को पुलिस और नगर निगम ने संयुक्त अभियान चलाया।
ओमती, आधारताल, गोहलपुर सहित कई थाना क्षेत्र में एक साथ कई प्रतिष्ठानों पर दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान ऐसे कैफे और प्रतिष्ठानों की जांच की गई, जहां केबिन बनाकर ग्राहकों को घंटे के हिसाब से स्थान उपलब्ध कराया जा रहा था।
निरीक्षण के दौरान भवन निर्माण नियमों और अन्य प्रविधानों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर नगर निगम ने बिल्डिंग एक्ट के तहत पांचों कैफे को सील कर दिया है। कुछ कैफे एवं स्पा सेंटरों में देह व्यापार संबंधी शिकायतों और दुष्कर्म एवं अनैतिक घटनाओं को देखते हुए देर शाम यह छापेमारी अभियान चलाया गया।
पुलिस दल ने इस दौरान नेपियर टाउन, राइट टाउन, आयकर चौराहा क्षेत्र में संचालित कुछ कैफे एवं स्पा सेंटरों पर भी छापेमारी की। पुलिस के अनुसार लंबे समय से इन स्थानों पर अनैतिक गतिविधियां संचालित होने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं।
राइट टाउन के एक स्पा सेंटर के संचालक ने पुलिस से बचने के लिए दूर तक दिखने वाले रेंज के सीसीटीवी कैमरे लगा रखे थे। इन सीसीटीवी कैमरों से उसने पुलिस को आते हुए देख लिया। भनक लगते पर कई लोगों को पिछले दरवाजे से भगा दिया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने प्रतिष्ठानों से विजिटर रजिस्टर, दस्तावेज और अन्य रिकार्ड जब्त किए हैं। इनकी जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वहां आने वाले लोगों का विवरण सही तरीके से दर्ज किया गया था या नहीं।
जब्त दस्तावेजों और रिकॉर्ड की जांच के आधार पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम की टीम ने यह भी जांच की कि संबंधित प्रतिष्ठानों के पास वैध लाइसेंस और आवश्यक अनुमतियां हैं या नहीं। प्रतिष्ठान संचालन, फायर सहित अन्य एनओसी को लेकर पूछताछ की।
छापेमारी के दौरान कैफे के अंदर तरीके से बनाए गए केबिन मिले है। कैफे और स्पा सेंटरों के अंदर कमरे भी मिले है। कैफे में केबिनों को पांच सौ से सात रुपये प्रति घंटा तक की दर से उपलब्ध कराया जा रहा था।
एक से डेढ़ हजार रुपये में स्नैक्स के साथ कमरे युवक-युवतियों को उपलब्ध कराने की बात सामने आई है। इसे भवन निर्माण नियमों का उल्लंघन माना गया। पुलिस ने अनुसार शहर में अवैध गतिविधियों, अनियमित रूप से संचालित कैफे, स्पा सेंटर और अन्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की संयुक्त कार्रवाई जारी रहेगी।