
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। मुख्यालय से करीब 65 किलोमीटर दूर कुंडा कला में मूर्ति विसर्जन के दौरान रास्ते को लेकर विवाद हो गया। पहली बार माता की मूर्ति स्थापित करने वाले सिलावट समाज की झांकी करीब पांच घंटे तक सड़क पर खड़ी रही।
सिलावट और राजपूत समाज के लोग आमने-सामने आ गए। बताया गया कि सिलावट समाज के लोग मूर्ति को विसर्जन के लिए ले जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में विरोध होने का आरोप लगाया गया।
सिलावट समाज का कहना है कि राजपूत समाज के कुछ लोगों ने झांकी को आगे जाने से रोक दिया। इसके बाद मौके पर भीड़ जुट गई और तनाव की स्थिति बन गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत शुरू की।
पुलिस की मौजूदगी में विवाद को शांत कराने और झांकी को आगे बढ़ाने का प्रयास किया गया। करीब पांच घंटे बाद स्थिति सामान्य हुई और विसर्जन की प्रक्रिया आगे बढ़ी। वहीं एसडीपीओ ने विवाद की वजह को लेकर अलग जानकारी दी।
उनके अनुसार फिलहाल गांव में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। पुलिस घटनाक्रम की जांच कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक मौके पर मौजूद लोगों और दोनों पक्षों से मिली जानकारी के आधार पर विवाद की वास्तविक वजह स्पष्ट की जाएगी।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में एल्गिन हाॅस्पिटल के डाॅक्टर का दो लाख का फोन छीना, बात करते जा रहे थे सैर पर