
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। स्कूल शिक्षा विभाग में संचालित विधि प्रकोष्ठों की कार्यप्रणाली अब सवालों के घेरे में है। विभाग के इन प्रकोष्ठों में शिक्षकों और कर्मचारियों की तैनाती तो की गई है, लेकिन संबंधित पदों पर काम करने वालों की विधिक शैक्षणिक योग्यता को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। मामला विधानसभा तक पहुंचने के बाद अब विभागीय स्तर पर जानकारी जुटाने की कवायद शुरू हो गई है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिन कर्मचारियों के पास विधि की डिग्री नहीं है, वे न्यायालयीन मामलों में शासन और विभाग का पक्ष किस आधार पर प्रस्तुत कर रहे हैं?
विधानसभा में तारांकित प्रश्न के माध्यम से स्कूल शिक्षा विभाग के विधि प्रकोष्ठों में पदस्थ शिक्षकों एवं कर्मचारियों की नियुक्ति और उनकी शैक्षणिक योग्यता से संबंधित जानकारी मांगी गई है।
प्रश्न में पूछा गया है कि क्या आयुक्त लोक शिक्षण द्वारा माध्यमिक शिक्षक, उच्च माध्यमिक शिक्षक और प्राचार्यों को संयुक्त संचालक कार्यालयों तथा जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालयों के विधि प्रकोष्ठ में पदस्थ किया गया है? यदि ऐसा है तो संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के पदस्थापना आदेश उपलब्ध कराए जाएं।
विधानसभा में उठाए गए सवाल में यह भी जानना चाहा गया है कि विधि प्रकोष्ठ में कार्यरत कितने शिक्षकों ने विधि स्नातक यानी एलएलबी की परीक्षा उत्तीर्ण की है, जिनके पास विधि की डिग्री है, उनकी अंकसूची और शैक्षणिक प्रमाण प्रस्तुत करने की मांग की गई है। वहीं, जिन कर्मचारियों ने कानून की पढ़ाई नहीं की है, उनके द्वारा न्यायालय में विभाग का पक्ष रखने के आधार और अधिकारों को लेकर भी स्पष्टीकरण मांगा गया है।
विधानसभा प्रश्न के जवाब की तैयारी के लिए संयुक्त संचालक लोक शिक्षण कार्यालय ने जिला शिक्षा अधिकारियों से जानकारी मांगी है। लोक शिक्षण संचालनालय की ओर से संभागीय संयुक्त संचालकों को निर्देशित किया गया है कि उनके कार्यालय और अधीनस्थ जिलों में विधि प्रकोष्ठ में कार्यरत सभी लोक सेवकों की सूची तैयार कर निर्धारित प्रारूप में तत्काल उपलब्ध कराई जाए।
इसमें कर्मचारियों के नाम, पदस्थापना, पदांकन आदेश और विधिक शैक्षणिक योग्यता का विवरण शामिल किया जाना है। जानकारी मांगे जाने के बाद स्कूल शिक्षा विभाग के संभागीय और जिला कार्यालयों में हलचल तेज हो गई है। अब यह स्पष्ट होने की उम्मीद है कि विधि प्रकोष्ठों में कितने शिक्षक और कर्मचारी तैनात हैं तथा उनमें से कितनों के पास विधि संबंधी औपचारिक डिग्री है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में जनगणना-2027 की तैयारी तेज, 10 जनवरी से नागरिक स्वयं दर्ज कर सकेंगे जानकारी