
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। पश्चिम मध्य रेलवे और एनसीआर की विजिलेंस टीम की जांच में तीन रेलकर्मियों (टीटीई) के पास निर्धारित राशि से करीब 18 हजार रुपये अधिक मिले है।
जांच में पकड़े गए तीनों टीटीई जबलपुर रेल मंडल में पदस्थ हैं। विजिलेंस रिपोर्ट पर तीनों कर्मचारियों को तुरंत निलंबित कर दिया गया है।
पश्चिम मध्य रेलवे की विजिलेंस को इंदौर-जबलपुर ओवरनाइट एक्सप्रेस में टीटीई के यात्रियों से सीट के बदले रुपये लेने की शिकायत मिल रही थी। इस पर गत दिन जबलपुर आ रही इस ट्रेन में अचानक विजिलेंस टीम ने पहुंचकर टीटीई की तलाशी ली।
इस दौरान डिप्टी सीटीआई डीके सिन्हा और एसी कोच में तैनात टीटीई उदयराज कुशवाहा के पास मिली नकदी का हिसाब मिलाया गया, जिसमें अतिरिक्त राशि पाई गई। सिन्हा के पास लगभग नौ हजार और कुशवाहा के पास लगभग 17 सौ रुपये रेकाॅर्ड के अतिरिक्त मिले।
संबंधित राशि के स्त्रोत को लेकर दोनों संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। वहीं, एनसीआर की विजिलेंस टीम ने हावड़ा मेल में छिवकी के पास जांच के दौरान टीटीई राकेश कुमार के पास भी निर्धारित राशि से अधिक रुपये पाए। तीनों के विरुद्ध प्रकरण बनाकर जबलपुर रेल मंडल को रिपोर्ट भेजी गई थी। इसके आधार पर निलंबन की कार्रवाई की गई।
यह भी पढ़ें- पराली प्रबंधन पर जबलपुर कलेक्टर से बोले किसान- बोवनी के लिए एक सप्ताह का समय, अधिकारी नहीं उठाते फोन