
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। कक्षा पांचवी व आठवीं की पुनः परीक्षा सत्र की समय-सारणी में संशोधन किया गया है। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार अब पुनः परीक्षा का आयोजन 16 जून से 23 जून तक आयोजित की जाएगी। जबकि उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 24 जून से 28 जून तक होगा।
मध्य प्रदेश राज्य कर्मचारी संघ, जबलपुर जिला शाखा द्वारा संरक्षक योगेंद्र दुबे के मार्गदर्शन में आयुक्त लोक शिक्षण संचालनालय के नाम एक मांग पत्र भेजा गया था। इसमें परीक्षा संबंधी विभिन्न समस्याओं के निराकरण के साथ भीषण गर्मी को देखते हुए परीक्षा तिथियों में बदलाव करने का सुझाव दिया गया था।
संघ के प्रदेश महामंत्री जितेंद्र सिंह, प्रदेश प्रवक्ता अनिल भार्गव तथा जिला अध्यक्ष अटल उपाध्याय ने छात्रों के अवकाश 15 जून तक होने की जानकारी देते हुए परीक्षा तिथि आगे बढ़ाने की मांग रखी थी। संघ की मांग को स्वीकार करते हुए राज्य शिक्षा केन्द्र द्वारा संशोधित समय-सारणी जारी की गई है। इस निर्णय से प्रदेश शासन की योजना का लाभ हजारों विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को मिलेगा तथा भीषण गर्मी के बीच परीक्षा कार्य अधिक व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सकेगा।
यह भी पढ़ें- बरगी डैम हादसा: जांच से पहले ही दुर्घटनाग्रस्त क्रूज को नष्ट करने पर मचा बवाल, तकनीकी अधिकारी के बयान ही दर्ज नहीं
मध्य प्रदेश राज्य कर्मचारी संघ जबलपुर के जिला अध्यक्ष अटल उपाध्याय, देवेंद्र पचौरी, आलोक अग्निहोत्री, विवेक, राजा राम डेहरिया, अर्जुन सोमवंशी, बीरेंद्र तिवारी एवं राजू मस्के सहित अन्य पदाधिकारियों ने परीक्षा एवं मूल्यांकन कार्य की संशोधित तिथियां जारी किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शासन और शिक्षा विभाग को धन्यवाद ज्ञापित किया है।