MP News: पांच लाख लेकर थमा दिया फर्जी अनुकंपा नियुक्ति पत्र,पकड़ा गया सेना का सेवानिवृत्त जवान
रांझी थाना क्षेत्र में सेना के सेवानिवृत्त नायक राजेश कुमार राजभर को नौकरी के नाम पर धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। अधिक जांच में पता चला कि राजेश कई युवकों-युवतियों से करोड़ों की ठगी कर चुका है।
Publish Date: Sat, 09 Aug 2025 12:42:11 AM (IST)
Updated Date: Sat, 09 Aug 2025 01:20:11 AM (IST)
नौकरी के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले सेना के सेवानिवृत्त नायक राजेश कुमार को गिरफ्तार किया गया है।HighLights
- नौकरी के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले सेना के सेवानिवृत्त नायक राजेश कुमार को गिरफ्तार किया गया है।
- आरोप है कि उसने पांच लाख रुपये लेकर फर्जी अनुकंपा नियुक्ति पत्र थमाया।
- जांच में पता चला कि राजेश कई युवकों-युवतियों से करोड़ों की ठगी कर चुका है।
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर: रांझी थाना क्षेत्र में सेना के सेवानिवृत्त नायक राजेश कुमार राजभर को नौकरी के नाम पर धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि उसने पांच लाख रुपये लेकर फर्जी अनुकंपा नियुक्ति पत्र थमाया।
राजेश ने सेना से जुड़े लोगों के साथ भी ठगी की। उसने सेना के सिविल डिफेंस में सफाईकर्मी की मौत के बाद उसके बेटे अरविंद को नौकरी दिलाने का झांसा दिया। अरविंद ने अनुकंपा नियुक्ति के लिए आवेदन किया था और सेना परिसर में राजेश से मिली। राजेश ने बताया कि उसके सेना अधिकारियों से अच्छे संपर्क हैं और कुछ खर्च करने पर नौकरी तुरंत दिला देगा।
फर्जी नियुक्ति पत्र थमाया
अरविंद ने राजेश को 4 लाख 80 हजार रुपये दिए। कुछ दिन बाद राजेश ने फर्जी नियुक्ति पत्र थमाया। जब अरविंद सेना कार्यालय पहुंचा तो पता चला कि पत्र नकली है।
राजेश ने लखनऊ मिलिट्री हास्पिटल में नौकरी लगाने का झांसा देकर कई बेरोजगारों से भी पैसे लिए। कुछ युवाओं ने ज्वाइनिंग के लिए लखनऊ जाने की योजना बनाई थी, लेकिन राजेश ने प्रक्रिया को टाल दिया।
अधिक जांच में पता चला कि राजेश कई युवकों-युवतियों से करोड़ों की ठगी कर चुका है। आरंभिक जांच में उसने पूजा गुप्ता से 12 लाख 30 हजार, अशोक कुशवाहा से 10 लाख, प्रीति घोष से 4 लाख 65 हजार, और कई अन्य से लाखों रुपये ठगे हैं।
रांझी पुलिस ने दो एफआईआर दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा।