
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। नेताजी सुभाषचन्द्र बोस मेडिकल काॅलेज अस्पताल में छात्र फीस, आईपीडी और ओपीडी की राशि में हुए एक करोड़ 63 लाख 76 हजार 465 रुपये के गबन के मामले में फरार कैशियर साधना चन्द्रोल पर पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने तीन हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। गढ़ा थाने में प्रकरण दर्ज होने के बाद से साधना फरार है।
पुलिस के अनुसार, अप्रैल 2020 से नवंबर 2025 के बीच मेडिकल काॅलेज के कैश अनुभाग में पदस्थ रिटायर्ड कैशियर मनोहर केवट, कैशियर साधना चन्द्रोल, सहायक ग्रेड तीन भानू सिंह शाक्यवार, कैशियर सह प्रभारी अरविंद धुर्वे और सहायक ग्रेड तीन विशाल सराठे के खिलाफ गबन का प्रकरण दर्ज किया गया था।
मामले में पुलिस भानू सिंह शाक्यवार, अरविंद धुर्वे, विशाल सराठे और रिटायर्ड कैशियर मनोहर केवट को गिरफ्तार कर चुकी है। साधना चन्द्रोल की गिरफ्तारी अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
जिले के दो थानों में दर्ज मामलों में फरार चल रहे तीन आरोपियों पर पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने इनाम घोषित किया है। खितौला थाने में दर्ज मामले में फरार लखराम मोहल्ला निवासी सौरभ कुचबंदिया की गिरफ्तारी पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।
बेलखेड़ा थाने में दर्ज मामले में फरार चरगवां निवासी राहुल शर्मा और पाटन निवासी सुमित गोटिया की गिरफ्तारी पर तीन-तीन हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर के प्लाॅट का एग्रीमेंट कर सेवानिवृत्त पुलिस जवान से हड़पे पांच लाख रुपये, 20 लाख रुपये में हुआ था सौदा