
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। खितौला थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश ने गुरुवार रात एक युवक की जान खतरे में डाल दी। आरोप है कि दो युवकों ने पहले उस पर पेट्रोल उड़ेला और इसके बाद बीड़ी की चिंगारी से उसे आग के हवाले करने की कोशिश की।
अचानक भड़की आग की चपेट में आने से युवक का चेहरा और हाथ झुलस गया। हालांकि समय रहते आग बुझ जाने से उसकी जान बच गई। पुलिस के मुताबिक लखराम मोहल्ला निवासी राजकुमार केवट (20) की गुरु कुचबंदिया और सौरभ कुचबंदिया से पुरानी रंजिश चल रही है।
गुरुवार रात राजकुमार कुछ दोस्तों के साथ बैठकर बीड़ी पी रहा था। इसी दौरान गुरु और सौरभ वहां पहुंचे। दोनों ने कथित तौर पर राजकुमार पर पेट्रोल डाल दिया। पेट्रोल से कपड़े और शरीर के आसपास का हिस्सा भीगते ही बीड़ी की चिंगारी ने आग पकड़ ली। देखते ही देखते राजकुमार आग की चपेट में आ गया।
मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह आग बुझाई। घटना में उसके हाथ और चेहरे पर झुलसने के निशान आए हैं। सूचना मिलते ही खितौला पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। कार्रवाई करते हुए गुरु कुचबंदिया को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि सौरभ की तलाश जारी है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में अमृत योजना 2.0 के लिए खोदी सड़क बनी मुसीबत, पनेहरा से गोकलपुर तक लगा लंबा जाम