
जबलपुर, नईदुनिया प्रतिनिधि। तिलवारा थाना क्षेत्र में कक्षा 12वीं के छात्र से लूट का मामला सामने आया है। आरोप है कि बदमाश ने छात्र को धमकाकर उसकी जेब से 800 रुपये और मोबाइल फोन छीन लिया। छात्र ने विरोध किया तो आरोपित ने उसके साथ मारपीट की और बाइक से भागने लगा।
इसी दौरान तेज रफ्तार में उसकी बाइक डिवाइडर से टकरा गई और वह सड़क पर गिर पड़ा। छात्र ने उसे पकड़ने की कोशिश की, लेकिन आरोपित बाइक उठाकर मौके से भाग निकला। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार भेड़ाघाट तेवर निवासी रोहित लोधी (19) कक्षा 12वीं में पढ़ता है। वह अपनी मौसी की बेटी को चौकीताल स्थित उसके घर छोड़ने गया था। वहां से वापस लौटते समय लम्हेटा बाइपास चौक के पास भेड़ाघाट मोड़ पर उसने बाइक रोकी थी। इसी दौरान चौकीताल निवासी अर्पित पटेल उर्फ गोलू वहां पहुंचा।
आरोपित ने रोहित को धमकाया और उसकी जेब में रखे 800 रुपये तथा मोबाइल फोन छीन लिया। रोहित ने विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की गई। इसके बाद आरोपित बाइक से भागने लगा।
भागते समय आरोपित की बाइक डिवाइडर से टकरा गई, जिससे वह सड़क पर गिर पड़ा। रोहित ने उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन आरोपित उठकर अपनी बाइक तक पहुंच गया और उसे लेकर मौके से फरार हो गया।
रोहित की शिकायत पर तिलवारा पुलिस ने अर्पित पटेल उर्फ गोलू के विरुद्ध लूट का प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में फर्जी आधार से कराई जमीन की रजिस्ट्री, जिंदा मालिक की जगह खड़ा हुआ दूसरा व्यक्ति