
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। शहर में साइबर ठगी और ऑनलाइन धोखाधड़ी के तीन मामले सामने आए हैं। कहीं ऐप डाउनलोड कराने के नाम पर खाते से रकम निकाल ली गई, तो कहीं ड्रायफ्रूट की सप्लाई और ऑनलाइन निवेश का झांसा देकर लोगों को ठगा गया।
तीनों मामलों में कुल दो लाख नौ हजार रुपये की धोखाधड़ी की गई। शिकायतों की जांच के बाद संजीवनी नगर, विजय नगर और अधारताल पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
संजीवनी नगर पुलिस के अनुसार, साईं कालोनी निवासी सुधांशु श्रीवास्तव (40) सिविल इंजीनियर हैं। 16 अक्टूबर को इंस्टाग्राम चलाते समय उन्हें टीवी गार्डन ऐप का विज्ञापन दिखाई दिया।
ऐप डाउनलोड किया, जिसके बाद हिंदी प्लस नाम का लांचर डाउनलोड करने का विकल्प आया। इसे डाउनलोड करने के बाद उनके बैंक खाते से 95 हजार रुपये कट गए। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विजय नगर पुलिस के अनुसार, विकास नगर निवासी प्रशांत पांडे (44) थोक में ड्रायफ्रूट का कारोबार करते हैं। 22 अक्टूबर को उनके पास एक व्यक्ति का फोन आया। उसने ड्रायफ्रूट उपलब्ध कराने की बात कही और अग्रिम भुगतान मांगा। प्रशांत ने 25 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए, लेकिन न तो ड्रायफ्रूट की सप्लाई हुई और न ही रकम वापस मिली। इसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
अधारताल पुलिस के अनुसार, अधारताल निवासी किशोर केशवानी (51) को ऑनलाइन निवेश का झांसा देकर 89 हजार रुपये की ठगी की गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में घुमक्कड़ों के लिए एसी बसों से पर्यटन स्थलों का सफर आसान, रात तक लौटने की भी सुविधा