
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर । मणि के लेनदेन के विवाद में युवक की हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रही पन्ना निवासी रुबिया बहेेलिया को हाई कोर्ट से राहत मिली है।
न्यायमूर्ति विवेक रूसिया व न्यायमूर्ति अमित लाहोटी की युगलपीठ ने अपील लंबित रहने तक उसकी शेष सजा निलंबित कर जमानत पर रिहा करने के आदेश दिए हैं।
अपीलकर्ता की ओर से अधिवक्ता सिद्धार्थ दत्त ने दलील दी कि फरियादी ने एफआईआर में महिला का नाम नहीं बताया और न्यायालय में भी उसकी पहचान नहीं कर सका।
बचाव पक्ष ने हत्या में साझा मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा कि चाकू से घातक हमला सह-आरोपित ने अचानक किया था। अभियोजन के अनुसार, 19 अगस्त 2023 को मणि के लेनदेन के विवाद में विकास पांडे को शाहनगर के जंगल में ले जाकर चाकू से हमला किया गया। अगले दिन उसका शव गड्ढे से बरामद हुआ था।
पवई के अतिरिक्त सत्र न्यायालय ने 31 जनवरी 2026 को महिला को आजीवन कारावास सुनाया था। हाई कोर्ट ने 50 हजार रुपये के व्यक्तिगत मुचलके और समान राशि के जमानतदार पर रिहाई के आदेश दिए।
यह भी पढ़ें- नीट परीक्षा में असफल होने के बाद नरसिंहपुर में किशोरी ने खाया जहर, इलाज के दौरान मौत