
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। एमपी स्टेट बार काउंसिल को नया नेतृत्व मिल गया है। रविवार को हुए पदाधिकारियों के निर्वाचन में जबलपुर के वरिष्ठ अधिवक्ता शैलेन्द्र वर्मा अध्यक्ष निर्वाचित हुए। उन्होंने ग्वालियर के जितेन्द्र शर्मा को तीन मतों से पराजित किया। शैलेन्द्र वर्मा को 14, जबकि जितेन्द्र शर्मा को 11 मत मिले।
उपाध्यक्ष पद पर इंदौर की अधिवक्ता प्रतिभा वालिया ने जीत दर्ज की। उन्हें 14 मत मिले, जबकि जबलपुर के मनीष तिवारी को 11 मत प्राप्त हुए। इसी तरह कोषाध्यक्ष पद पर ग्वालियर के गौरव मिश्रा निर्वाचित हुए। उन्होंने सिंगरौली की अन्नू पटेल को एक मत से पराजित किया। गौरव मिश्रा को 13 और अन्नू पटेल को 12 मत मिले।
परिषद के सभी 25 निर्वाचित सदस्यों ने मतदान में हिस्सा लिया। निर्वाचन अधिकारी एवं महाधिवक्ता प्रशांत सिंह की देखरेख में चुनाव प्रक्रिया संपन्न हुई। उल्लेखनीय है कि परिषद के इतिहास में पहली बार पदाधिकारियों का चयन हाथ उठाकर सहमति जताने के बजाय बाकायदा मतदान के माध्यम से किया गया।
शैलेन्द्र वर्मा के अध्यक्ष निर्वाचित होने से जबलपुर के अधिवक्ता जगत में उत्साह है। प्रदेश के लगभग सवा लाख अधिवक्ताओं का प्रतिनिधित्व करने वाली इस संवैधानिक संस्था के नए नेतृत्व से अधिवक्ता समुदाय को कई अपेक्षाएं हैं।
यह भी पढ़ें- एमपी में आयुर्वेद, होम्योपैथी, यूनानी के 50 कॉलेजों में प्रवेश का आखिरी मौका; अब भी 1561 यूजी सीटें खाली