
डिजिटल डेस्क, नईदुनिया, जबलपुर। खजरी खिरिया बायपास स्थित चर्चित कबाड़खाना विस्फोट मामले से जुड़े हिस्ट्रीशीटर मोहम्मद शमीम अहमद उर्फ शमीम कबाड़ी को पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार शमीम को फर्जी दस्तावेजों के आधार पर पासपोर्ट बनवाने के मामले में पकड़ा गया है। आरोपी को अधारताल थाना क्षेत्र स्थित उसके मूल निवास आनंद नगर से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शमीम ने नागपुर से कथित तौर पर जाली आधार कार्ड और गलत जानकारी के आधार पर भारतीय पासपोर्ट हासिल किया था।
जांच एजेंसियां पता लगाने में जुटी हैं कि इस पासपोर्ट का इस्तेमाल कर उसने किन-किन देशों की यात्रा की और विदेश जाने में उसकी मदद किसने की। पुलिस को उसके दुबई में रहने की जानकारी भी मिली है, जिसकी पुष्टि के लिए जांच की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने आधार कार्ड में अपनी जन्मतिथि से संबंधित जानकारी छिपाई थी। इसके अलावा पारिवारिक विवरण में पत्नी और मां के नाम में भी कथित तौर पर बदलाव किया गया। पुलिस अब फर्जी दस्तावेज तैयार कराने और पासपोर्ट बनवाने में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
शमीम कबाड़ी का नाम 25 अप्रैल 2024 को खजरी खिरिया बायपास स्थित उसके कबाड़खाने में हुए भीषण विस्फोट के बाद सामने आया था। घटना में दो मजदूरों की मौत हुई थी। विस्फोट की जांच में एनआईए और एनएसजी की टीमें भी मौके पर पहुंची थीं। जांच के दौरान सेना में इस्तेमाल होने वाले बमों के खोखे और टीएनटी से संबंधित सामग्री मिलने की जानकारी सामने आई थी।
विस्फोट के बाद से शमीम फरार था और पुलिस ने उस पर इनाम भी घोषित किया था। अब फर्जी पासपोर्ट मामले में गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसके दस्तावेजों, विदेश यात्राओं और संपर्कों की विस्तृत जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- साढ़े चार माह बाद याद आई 600 रुपये में कैसे खरीदें दो यूनिफाॅर्म? जबलपुर में बच्चों के खातों में आएगी राशि