
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। डुमना स्थित पंडित द्वारका प्रसाद मिश्र भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान अभिकल्पन एवं विनिर्माण (पीडीपीएम ट्रिपलआईटी डीएम) की बीटेक तृतीय वर्ष की छात्रा वैष्ठवी की मौत हो गई।
21 वर्षीय वैष्ठवी मूलत: तेलंगाना के वारंगल, चंदवपल्ली नरसंपेट की निवासी थी और कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई कर रही थी। उसका शव हाॅस्टल के कमरे में फंदे पर लटका मिला।
वैष्ठवी दोपहर करीब 1.30 बजे छात्रावास के अपने कमरे में गई। उस समय वह सहपाठियों से बात कर रही थी और मुस्कुराते हुए छात्रावास के अंदर गई थी। करीब एक घंटे तक कमरे से बाहर नहीं आने पर साथी छात्रा ने दरवाजा खटखटाया और फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। संस्थान प्रबंधन को सूचना देने के बाद गार्ड की मदद से दरवाजा तोड़ा गया। वैष्ठवी कमरे में फंदे पर लटकी मिली। उसकी मौत हो चुकी थी।
संस्थान परिसर में दोपहर लगभग ढाई बजे कमरे में छात्रा फंदे पर लटकी मिली थी, लेकिन घटना की सूचना पुलिस तक दोपहर करीब 3.30 बजे पहुंची। जानकारी मिलते ही डुमना चौकी प्रभारी सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव नीचे उतारकर कमरे की जांच की। छात्रा के स्वजन को सूचना दी गई है। उनके जबलपुर पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनीष भारद्वाज ने बताया कि छात्रावास सुरक्षा प्रभारी से करीब साढ़े तीन बजे घटना की सूचना मिली। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की है।
पुलिस को जांच में छात्रा के कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने उसका मोबाइल जब्त कर लिया है और घटना से पहले हुई बातचीत की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि कमरे में जाने के बाद आखिर अचानक ऐसा क्या हुआ कि छात्रा ने आत्मघाती कदम उठा लिया। प्रारंभिक जांच में यह पता चला है कि घटना से कुछ समय पहले तक छात्रा सामान्य थी।
ट्रिपलआइटी के निदेशक बीके सिंह ने बताया कि उन्हें दोपहर ढाई बजे डीन ने घटना की जानकारी दी थी। उन्होंने बताया कि दशहरा अवकाश से लौटने के बाद वैष्ठवी कुछ गुमसुम रहने लगी थी। छात्रा पारिवारिक कारणों से परेशान बताई जा रही थी।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में डॉ. मोहन यादव बोले-कांग्रेस 2029 में हो जाएगी साफ, राहुल गांधी पर भी साध गए 'निशाना'