
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। विंध्य और बुंदेलखंड के सीधी व पन्ना जिले स्वतंत्रता के बाद पहली बार यात्री रेल नेटवर्क से जुड़ने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। पश्चिम मध्य रेल ने नवनिर्मित सतना-देवेंद्र नगर और रीवा-चुरहट रेलखंड पर यात्री ट्रेन चलाने की तैयारी शुरू कर दी है। दोनों रेलखंड बहुप्रतीक्षित ललितपुर-सिंगरौली रेल लाइन परियोजना का हिस्सा हैं। इन पर आठ कोच वाली मेमू ट्रेन चलाने का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को स्वीकृति के लिए भेजा गया है।
बोर्ड की मंजूरी मिलते ही ट्रेन संचालन की तिथि तय होगी। सब कुछ योजना के अनुसार रहा तो नवरात्र में नई मेमू के पहिए दौड़ सकते हैं। जबलपुर रेल मंडल ने देवेंद्र नगर से चुरहट के बीच नई मेमू ट्रेन चलाने का प्रस्ताव तैयार किया है। प्रस्ताव के अनुसार मेमू सुबह देवेंद्र नगर से रवाना होकर सतना और रीवा होते हुए दोपहर में चुरहट पहुंचेगी।
वापसी में अपराह्न चुरहट से चलकर रीवा और सतना होते हुए रात में देवेंद्र नगर पहुंचेगी। इसके लिए आठ कोच वाले मेमू रैक की मांग रेलवे बोर्ड से की गई है। पश्चिम मध्य रेल ने पहले सतना से देवेंद्र नगर और रीवा से रामपुर नैकिन तक ट्रेन चलाने की तैयारी की थी।
रीवा तक चलने वाली एक एक्सप्रेस को रामपुर नैकिन तक और मानिकपुर-सतना के बीच चलने वाली मेमू को देवेंद्र नगर तक विस्तार देने पर विचार किया जा रहा था। अब इस योजना में बदलाव करते हुए देवेंद्र नगर-चुरहट के बीच नई मेमू चलाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है।
रेलवे ने वर्ष 1997-98 में ललितपुर-सिंगरौली के बीच लगभग 541 किमी लंबी रेल लाइन बनाने की योजना स्वीकृति की थी। ललितपुर से छतरपुर होते हुए खजुराहो तक रेल लाइन बन चुकी थी। आगे जमीन अधिग्रहण के पेंच और बजट की कमी से परियोजना की चाल धीमी हो गई। गत कुछ वर्षों से परियोजना पर तेजी से काम हुआ।
गत माह तक सतना से देवेंद्र नगर और रीवा से चुरहट तक रेल लाइन का सफल स्पीड ट्रायल लिया गया। अब चुरहट के आगे सीधी होकर सिंगरौली और देवेंद्र नगर के आगे पन्ना होकर खजुराहो तक नई लाइन बनना बाकी है।
महाप्रबंधक ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा नई ट्रेन चलाने की तैयारी के बीच गुरुवार को पश्चिम मध्य रेल महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह ने सतना-देवेंद्र नगर रेलखंड का जायजा लिया। रेलखंड के बरेठिया, फुलवारी, नागोद एवं देवेन्द्र नगर स्टेशनों के शेष विकास कार्यों को जल्द पूरा करने का निर्देश दिया।
उन्होंने देवेंद्र नगर-पन्ना के मध्य नई रेल निर्माण कार्य के प्रगति की समीक्षा की। बरेठिया एवं सकरिया में प्रस्तावित गुड्स शेड से माल लदान प्रारंभ करने के संबंध में चर्चा की। निरीक्षण में अपर महाप्रबंधक एकनाथ मोहकर, प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक राजेश कुमार मंडल, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी एसमएस हाशमी, डीआरएम कमल कुमार तलरेजा, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शशांक गुप्ता एवं अन्य प्रमुख अधिकारी शामिल थे।