
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। शहर के सबसे व्यस्तम व व्यावसायिक क्षेत्र सराफा रोड में स्कूल के समीप नाली क्षतिग्रस्त होने से स्थानीय रहवासियों की परेशानी बढ़ गई है।
दरअसल कुछ दिन पहले नगर निगम द्वारा क्षेत्र में नाली की सफाई कराई गई थी। इस दौरान जेसीबी मशीन से नाली के ऊपर लगी बड़ी-बड़ी चीप (स्लैब) टूट गईं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि स्कूल के ठीक सामने नाली खुली होने से बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी हुई है। पहले बच्चे नाली के ऊपर लगी चीप पर बैठते थे, लेकिन अब चीप टूटने से हादसे का खतरा बढ़ गया है। जरा सी लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। खासकर स्कूल आने-जाने वाले छोटे बच्चों के नाली में गिरने की आशंका बनी हुई है।
क्षेत्रीय नागरिकों के अनुसार, नाली की टूटी चीप और गंदगी की समस्या से संबंधित सुपरवाइजर को अवगत करा दिया गया था, लेकिन अब तक कोई सुधार कार्य नहीं कराया गया।
स्वच्छता ऐप पर भी शिकायत दर्ज कराई गई, इसके बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। खुली नाली के कारण गंदगी और बदबू फैल रही है। साथ ही मच्छरों का प्रकोप बढ़ने से बीमारियां फैलने की आशंका भी बनी हुई है।
स्थानीय नागरिक और व्यापारियों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि तत्काल नाली की सफाई कराई जाए और जेसीबी से क्षतिग्रस्त हुई चीप को दोबारा लगवाया जाए, ताकि स्कूली बच्चों और राहगीरों को किसी तरह की परेशानी न हो।
ये जानकारी संज्ञान में नहीं आई है। वार्ड सुपरवाइजर से नाली क्षतिग्रस्त होने की जानकारी ली जाकर उसका सुधार कार्य कराया जाएगा।
अभिनव मिश्रा, स्वास्थ्य अधिकारी, नगर निगम।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में चार करोड़ रुपये से सड़क बनाई, अब डिवाइडर से 15 लाख रुपये की ग्रिल ले गए चोर