
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। गौरीघाट निवासी रियल एस्टेट कारोबारी सार्थक सिंह गौतम को ब्लैकमेल कर रुपये ऐंठने की आरोपित युवती को पकड़ने वाली हेड कांस्टेबल कमला पटेल को पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने लाइन हाजिर कर दिया है।
हेड कांस्टेबल कमला ने कार्यवाही से पहले किसी वरिष्ठ अधिकारी को सूचना नहीं दी थी। कार्यवाही के दौरान युवती को थप्पड़ मारते हुए उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मामले में न्यायालय ने भी महिला कांस्टेबल को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।
कोतवाली थाना क्षेत्र के होटल कदंब ट्री के रेस्टोरेंट में आर्केस्ट्रा डांसर उमरिया निवासी पूजा रैदास रोहणी को ढाई लाख रुपये लेते पकड़ा गया था। पूजा की रियल एस्टेट कारोबारी सार्थक सिंह गौतम से एक साल से पहचान थी।
आरोप है कि वह विवाह का दबाव बनाने लगी तो उनके बीच लेन-देन की बात हुई। पूजा ने मामला खत्म करने और पीछा छोड़ने के बदले सात लाख रुपये मांगे थे। सौदा तय होने के बाद वह रविवार को 2.50 लाख रुपये की पहली किस्त लेने रेस्टोरेंट पहुंची थी। तभी पुलिस ने कार्यवाही कर उसे पकड़ लिया और बैग से रकम बरामद की।
पुलिस कार्यवाही के दौरान आरोपी महिला के रेस्टोरेंट में पहुंचने और रुपये का थैला लेते वीडियो सामने आया। इस वीडियो में हेड कांस्टेबल कमला आरोपी महिला को थप्पड़ मारते दिख रही है। इस थप्पड़ की चर्चा फैली तो पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में मामला आया।
वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किए बिना कार्यवाही पर सवाल-जवाब शुरू हुए, जिसके बाद हेड कांस्टेबल के निलंबन के आदेश दिए गए। वहीं, आरोपी महिला के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज होने की बात जांच में आई हैं।
यह भी पढ़ें- मथुरा में संत प्रेमानंद के शिष्य ने चौथी मंजिल से कूदकर दी जान, एक वर्ष पहले जबलपुर से वृंदावन जाकर ली थी दीक्षा