
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। उच्च शिक्षा विभाग को जबलपुर में अपना संभागीय मुख्यालय मिल गया है। 5.40 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित अतिरिक्त संचालक, उच्च शिक्षा विभाग के नए भवन का लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने लोकार्पण किया। यह प्रदेश का पहला संभागीय कार्यालय है, जिसे उच्च शिक्षा विभाग के लिए तैयार किया गया है।
लोकार्पण समारोह में मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि जबलपुर संभाग में इस भवन की लंबे समय से आवश्यकता महसूस की जा रही थी। मुख्यमंत्री के सौजन्य से भवन का निर्माण पूरा हुआ है। यह केंद्र पूरे संभाग के विद्यार्थियों के जीवन को शिक्षा के माध्यम से नई दिशा देने के साथ विभागीय गतिविधियों के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कैंट विधायक अशोक रोहाणी ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में विश्वविद्यालयों और बड़े महाविद्यालयों के साथ अब उच्च शिक्षा विभाग के अतिरिक्त संचालक कार्यालय का भव्य भवन भी उपलब्ध हो गया है। यह संभाग के शिक्षाविदों, प्राचार्यों और विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
अतिरिक्त संचालक उच्च शिक्षा प्रो. अलकेश चतुर्वेदी ने बताया कि 5.40 करोड़ रुपये की लागत से बने इस भवन का प्रदेश में विशेष महत्व है। जबलपुर संभाग उच्च शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। समारोह का शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना, वंदे मातरम और पूजन-अर्चना के साथ हुआ।
जबलपुर विकास प्राधिकरण अध्यक्ष संदीप जैन, नगर निगम अध्यक्ष रिंकुज विज, भाजपा जिला अध्यक्ष रत्नेश सोनकर सहित विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों के प्राचार्य, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. तृप्ति उकास ने किया। अंत में ओएसडी डॉ. अजय कुमार गुप्ता ने आभार व्यक्त किया।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में बीएमटी से दो और बच्चों को मिली नई जिंदगी, अब परिवार के साथ मनाएंगे दीपावली