
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग को लेकर बुधवार को मध्य प्रदेश छात्र संघ (एमपीएसयू) ने प्रदर्शन के दौरान छात्र नेताओं ने कुलपति से मुलाकात पर जोर दिया। करीब एक घंटे बाद कुलसचिव से बातचीत हुई। इसी दौरान अभिषेक पांडे ने कुलसचिव के सामने ज्ञापन फाड़कर फेंक दिया।
अभिषेक का कहना था कि प्रदर्शन के दौरान ही परीक्षा नियंत्रक विश्वविद्यालय परिसर से चले गए, जिससे छात्र नेताओं में नाराजगी बढ़ी। प्रदर्शन के दौरान छात्र नेताओं ने विश्वविद्यालय प्रबंधन पर चुनाव कराने में देरी का आरोप लगाया।
एमपीएसयू के प्रदेश अध्यक्ष अभिषेक पांडे के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन के दौरान छात्र नेताओं ने कहा कि मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के निर्देश के बावजूद छात्रसंघ चुनाव में देरी की जा रही है।
छात्र नेताओं का कहना था कि विश्वविद्यालय में समय पर परीक्षाएं नहीं हो रही हैं, डिग्रियां नहीं मिल रही हैं और छात्राओं को दबाव बनाकर छात्रावासों से बाहर किए जाने जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं।
अभिषेक पांडे ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव होने से विद्यार्थियों की समस्याओं को प्रभावी तरीके से उठाने के लिए प्रतिनिधित्व का मंच मिलेगा और विश्वविद्यालय से जुड़ी समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया मजबूत होगी। प्रदर्शन के बाद दोनों पक्ष अपने-अपने रास्ते चले गए।
प्रदर्शन करने वालों में अभिषेक पांडे, आर्यन बेंटिया, रंजपद कनोजिया, कृष्णा तिवारी, यश कनोजिया, निहाल यादव, तरुण विश्वकर्मा, आर्यन पीपरा, ऋतिक परोहा, सुमित सिंह, नमन शर्मा, अर्चित नेमा, मयंक कुशवाहा, हर्ष तिवारी, सागर तिवारी, उत्कर्ष मिश्रा, अभिनव सिंह, राजशेखर द्विवेदी आदि सैकड़ों छात्र उपस्थित थे ।
यह भी पढ़ें- अनिक घी का नमूना असुरक्षित मिला, हाई कोर्ट ने स्टॉक वापस लेने के आदेश पर रोक से किया इनकार