
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। शहर में चलती कारों से बाहर निकलकर खतरनाक और जानलेवा करतब करने का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।
कारों में सवार कुछ युवक खिड़कियों से बाहर निकलकर और दरवाजे के पायदान पर खड़े होकर करतब करते दिखाई दे रहे हैं।
चलती कारों से बाहर लटककर स्टंट करने वाले युवकों की इस हरकत से सड़क पर हादसे का खतरा पैदा हो सकता था।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने कारों के नंबरों के आधार पर युवकों की पहचान करने और उनकी तलाश शुरू कर दी है। वीडियो रात के समय का प्रतीत हो रहा है। पुलिस अनुसार पहचान होने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
भेड़ाघाट थाना क्षेत्र के तेवर स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप पर मंगलवार देर रात तीन बदमाशों ने चाकू और पिस्टल की नोंक पर कर्मचारी से करीब 10 हजार रुपये लूट लिए।
वारदात के बाद आरोपी बिना नंबर की मोपेड से फरार हो गए। पेट्रोल पंप कर्मचारी अभिषेक झारिया और संदीप बेन की ड्यूटी मंगलवार रात 10 बजे से थी।
मध्यरात्रि रात्रि करीब एक बजे तीन युवक मोपेड से पहुंचे और 100 रुपये का पेट्रोल भरवाया। भुगतान के लिए 500 रुपये देने पर अभिषेक खुले पैसे लौटाने लगा, तभी एक बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया।
एक ने अभिषेक के पेट पर चाकू अड़ा दिया। उसके दूसरे साथी ने पिस्टल दिखाया। हथियार चलाने का डर दिखाकर कर्मचारी के हाथ में रखे करीब 10 हजार रुपये छीनकर भाग निकले। मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी कैमरा फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
यह भी पढ़ें- दमोह में सांसद के खिलाफ कमेंट करने पर कॉन्स्टेबल सस्पेंड, वायरल वीडियो से सामने आया मामला