
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। सांदीपनि विद्यालयों में आसपास की शालाओं के विलय के बाद वहां पदस्थ किए गए शिक्षकों को अब दूसरे स्कूलों में जाने का अवसर मिलेगा। स्कूल शिक्षा विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है। ऐसे शिक्षकों की पदस्थापना के लिए काउंसलिंग कराई जाएगी। उन्हें रिक्त पद वाले अन्य विद्यालयों में पदस्थ किया जा सकेगा।
विभाग के आदेश के अनुसार, कैचमेंट एरिया की जिन शालाओं को सांदीपनि विद्यालय में मर्ज किया गया है, वहां के शिक्षक यदि सांदीपनि विद्यालय में ही अध्यापन करना चाहते हैं तो उन्हें वहीं पदस्थ रखा जाएगा। वहीं, अन्य विद्यालय में जाने के इच्छुक शिक्षकों को काउंसलिंग के माध्यम से रिक्त पद वाले स्कूल का विकल्प दिया जाएगा।
सांदीपनि विद्यालय में शिक्षकों की संख्या स्वीकृत पदों से अधिक होने की स्थिति में जिलास्तरीय मॉनीटरिंग कमेटी ऐसे अतिशेष शिक्षकों की अन्य विद्यालयों में पदस्थापना के प्रस्ताव तैयार कर राज्य स्तर पर भेजेगी। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने सांदीपनि विद्यालयों में निर्मित अतिशेष शिक्षकों तथा शिफ्ट की गई शालाओं के उन शिक्षकों की स्थिति स्पष्ट करने के निर्देश दिए हैं, जो सांदीपनि विद्यालय में पदस्थ नहीं रहना चाहते हैं।
ऐसे शिक्षकों की पदस्थापना के लिए काउंसलिंग की प्रक्रिया 25 सितंबर तक पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद रिक्त पद और उपलब्धता के आधार पर शिक्षकों को अन्य विद्यालयों में पदस्थ किया जाएगा। इससे सांदीपनि विद्यालयों में शिक्षकों की संख्या को व्यवस्थित करने के साथ अन्य स्कूलों में रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ सकेगी।